‘तुम फिर आना बसंत’ कविता संग्रह के लिए शीला सिद्धांतकर सम्मानित शालू शुक्ला विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में छपती रही हैं। आइये, पढ़ते हैं, जनवादी लेखक संघ द्वारा लखनऊ में आयोजित स्त्री लेखन कार्यशाला के बारे में उनकी एक आत्मीय टिप्पणी।

उसे गुमां है कि मेरी उड़ान कुछ कम है।
मुझे यकीं है कि ये आसमान ही कम है।।
वास्तव में कुछ मौकों पर उड़ने के लिए आसमान कम पड़ जाया करते हैं। ऐसा ही एक मौका था, बीते 3-4 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में जनवादी लेखक संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला— ‘स्त्री लेखन : इतिहास, रचना प्रक्रिया और आलोचना’ का, जहां हर स्त्री की उड़ान इतनी लंबी थी कि लगा, आसमान अब छोटा पड़ जायेगा।
यह स्त्री लेखन कार्यशाला वास्तव में कविता और कहानी लेखन की कार्यशाला नहीं थी, बल्कि यह जीवन को खूबसूरत बनाने की कार्यशाला थी। यह शब्दों से खेलने का कोई औपचारिक उपक्रम नहीं अपितु बंद कमरों की खिड़कियों को खोलकर बाहर की हवा से संवाद करने का उत्सव था।
कार्यशाला का वह हाॅल जहां हम सभी स्त्रियों की एक नई जिंदगी प्रतीक्षा कर रही थी। जहां देश के अलग-अलग कोने से आई कुछ स्थापित, कुछ नवोदित लेखिकाएं तथा कुछ छात्राएं मौजूद थीं। वहां मौजूद हर स्त्री के भीतर एक अजीब सी छटपटाहट थी। बहुत कम समय में बहुत कुछ कहने की एक ललक थी। सभी को वर्षों से अपने भीतर चल रहे तूफ़ान को बाहर निकालना था।
वे सारी स्त्रियां सिर्फ कविता और कहानी पर ही बात नहीं करना चाहती थीं बल्कि वे अपनी उस आवाज को वापस पाना चाह रही थीं जो वर्षों पहले दबा दी गई थी या उन्होंने खुद ही दबा दी थी।
जनवादी लेखक संघ के मंच पर हर स्त्री ने अलग-अलग विषयों पर खुलकर अपनी बात रखी। अपनी अधूरी पढ़ाई, विवाह, दहेज प्रथा, पति, पितृसत्तात्मकता जैसे तमाम विषयों पर एक बार उन्होंने एक बार बोलना शुरू किया तो खुलती ही चली गईं।
अक्सर हम औरतें अपने जज्बात या फिर कुछ कही जाने लायक बातें, घर परिवार के शोर में दबा देती हैं, वे बातें जो हमारी अपनी हैं, हमारे दर्द, हमारे संघर्ष, हमसे ही खोए हुए हम, हमारी छोटी-छोटी किंतु महत्वपूर्ण खुशियां, कुछ पुराने घाव, कुछ अनकही पीड़ाएं जो कहीं न कहीं भीतर ही भीतर वर्षों से सालती रहीं, इस कार्यशाला में वे सब छलक कर बाहर आ गईं, दर्द पिघले तो खुशियां छन्न से छनकर बिखर गईं जिनकी गूंज देर तक गूंजती रही।
यह कार्यशाला सिर्फ कविता कहानी की नहीं बल्कि हर स्त्री की अपनी ही आवाज से हाथ मिलाने का माध्यम थी। यह कार्यशाला थी सपनों में रंग भरने, कविताओं और कहानियों को पंख देने और खुद से खुद को मिलाने की, एक दूसरे के अनुभवों में अपनी प्रतिध्वनि ढूंढ कर जीने की।
इस कार्यशाला में जाने कितनी ऐसी स्त्रियों से मिलन हुआ, जिन्होंने तमाम रूढ़ियों को तोड़कर, संघर्षों को पीछे छोड़कर, लेखन में अपना नाम स्थापित किया, इतना ही नहीं अलग-अलग क्षेत्रों में भी बेहतर मकाम बनाया।
कार्यशाला की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि यहां कोई गुरु-शिष्य या स्थापित अथवा नवोदित जैसा कुछ नहीं था। इस मंच पर न कोई रोकने वाला था, न टोकने वाला था, न कोई जज करने वाला था। जनवादी लेखक संघ ने एक ऐसा मंच दिया था जहां हर स्त्री बोलने वाली और सुनने वाली थी।
हरियाणा से आई एक्टिविस्ट और प्रसिद्ध कवयित्री शुभा जी को जब किसी ने मैम कहकर पुकारा तो उन्होंने बड़े प्यार से कहा- मेरा नाम शुभा है, मैम नहीं। आप सब हमें शुभा कह सकते हैं।
शुभा जी हम सबसे ऐसे मिलीं जैसे हम उन्हें पहले से जानते हों। उनसे मिलकर हमने जाना- “स्त्री लेखन केवल रोने-धोने या शिकायतों का नाम नहीं, यह तो एक प्रतिरोध है। एक जनवादी हुंकार है। जब एक स्त्री लिखती है तो वह केवल अपने एकांत को नहीं रचती, वह अपने समय के पूरे समाज को कठघरे में खड़ा करती है। हमारे नागरिक कर्तव्यों के साथ हमारे अधिकार भी होने चाहिए। जो कवि एक्टिविस्ट नहीं उसकी संवेदना संदिग्ध है। रही बात लेखन की तो लेखन अपने आप में प्रतिरोध है।”
दिल्ली से आईं प्रो. बलवंत कौर जी से हम सभी इतने प्रभावित हुए कि उनकी जानी कितनी बातें हम अपने आंचल में गांठ बांध कर लाएं हैं, वे बातें हमारे उदास पलों में हमारी प्रेरणा स्रोत बनेगीं।
उन्होंने कहा- “बोलती हुई स्त्री किसी को पसंद नहीं, और लिखती हुई तो बिल्कुल भी नहीं। भावावेश में कविता लिखना स्थाई भाव नहीं। स्त्रीद्रोही समाज में कविता लिखना बहुत कठिन काम है। सदियों से स्त्री लेखन को महत्वहीन समझा जाता रहा है। स्त्रियों को लेखन से लेकर संपादन तक कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।”
पुरुषों की सोच पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि पुरुष स्त्री के साथ सोना तो पसंद करता है किंतु जागना नहीं। उन्होंने कहा, बुनियादी कार्यों के साथ हमारी आत्मछवि होना बहुत जरूरी है। वर्जीनिया वुल्फ अपना कमरा होने पर जोर देती हैं लेकिन क्या गारंटी है कि अपने कमरे में समय भी हमारा ही होगा। हमें अपने कमरे के साथ अपना समय भी चाहिए। स्त्रियां कब तक तटस्थ रहें? जहां हम तटस्थ हुए, कहीं के हम नहीं हुए। पुरुषों ने जब नायिका वर्णन किया तो उसे श्रृंगार कहा गया। स्त्रियों ने जब दैहिक संबंधों पर लिखा तो उन पर तमाम सवाल उठाए गए। उन्हें अश्लील और घटिया कहा गया। पुरुषों ने अपने अनुभवजन्य सत्य को लिखा। लेकिन जब स्त्रियों ने अपने अनुभवजन्य सत्य को लिखा तो उन्हें मायका, ससुराल, समाज, रिश्तेदार सबसे अपमानित होना पड़ा। इसीलिए सदियों से जाने कितनी स्त्रियां अपनी पहचान छुपा कर लिखती आई हैं।
कार्यशाला में आई हर स्त्री से कुछ न कुछ सीखने को मिला, बहुत कुछ सुनने को मिला, सुनाने को मिला। वहां पर मौजूद हर स्त्री के लिए यह पहली ऐसी कार्यशाला थी जो स्त्रियों द्वारा स्त्रियों के लिए थी। जहां पुरुषों का कोई वर्चस्व नहीं था।
हर स्त्री जनवादी लेखक संघ का दिल से शुक्रिया अदा कर रही थी।
कार्यशाला के सभी सत्र बेहद शानदार और आत्मीय रहे। हर सत्र में हर किसी को कुछ कहने, कुछ सुनने तथा कुछ पूछने का अधिकार था।
कार्यशाला के वे दो दिन हम अलग ही दुनिया में रहे। एक दूसरे के साथ रहते हुए हम भूले रहे अपने-अपने घर का रास्ता। और चाय की चुस्की, ढेरों बातें, कागज पर उतरते जज्बात, हंसी मजाक!सच में वे दो दिन बेहद सुकून भरे और आत्मीय रहे।
कार्यशाला समाप्त हो गई है। लेकिन वहां के सुकून भरे पल, कुछ सुखद यादें, कुछ दोस्त, कुछ शब्द, आत्मविश्वास और बहुत सारा हौसला लेकर हम सभी अपने-अपने घर की ओर लौट आए हैं। इस उम्मीद के साथ कि जनवादी लेखक संघ द्वारा आगे भी ऐसी कार्यशालाएं आयोजित होती रहेंगी।







बेहतरीन रिपोर्टिंग
स्त्री लेखक कार्यशाला ऐसे दौर में विमर्श छोड़ती है ।इस संवाद में बहुत कुछ सीखने मिला वैचारिक विमर्श का सिलसिला चलता रहेगा शुक्रिया
आत्मीय अनुभव
बधाई
एम जेड खान
रांची
बहुत आत्मीय भाव से लिखा गया है। शालू जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ!
शालू को बधाई।
बिल्कुल कविता जैसी रिपोर्टिंग करने के लिए।
…और कई ऐसे बिंदुओं को सामने लाने के लिए जो वाक़ई खास थे।
बड़ा आत्मीय लिखा है शालू शुक्ला ने।
दिव्या, अर्पिता और काव्या ने इस कार्यशाला के बारे में जितना सुना था, इस लेख ने वह पुष्ट किया।
बहुत अच्छा लिखा है आपने