संगठन, आंदोलन, विचारधारा और जेन ज़ी / चंद्रभूषण के साथ महेश मिश्र की बातचीत


तुम्हारा नाम क्या है तिब्बत, भारत से कैसे गया बुद्ध का धर्म, बुद्धचरित और महाकवि अश्वघोष, नई सदी में विज्ञान : भविष्य की खिड़कियाँ (शोध और विचार), पच्छूँ का घर (उपन्यास), इतनी रात गए, आता रहूँगा तुम्हारे पास (कविता संग्रह) समेत कई पुस्तकों के रचनाकार चंद्रभूषण के साथ महेश मिश्र की यह बातचीत एक समृद्ध राजनीतिक कक्षा की तरह है। अपनी सामाजिक-राजनीतिक सक्रियता के तजुर्बों से लेकर पिछले तीन-चार दशकों के देश-दुनिया के हालात तक, चंद्रभूषण के पास साझा करने के लिए बहुत कुछ नया और अलहदा है। आइए, सुनते हैं!
  • महेश मिश्र : चन्द्रभूषण जी, हाल ही में जो जेन ज़ी आंदोलन हुआ, उसको लेकर आपकी सक्रियता या जुड़ाव देखा तो मुझे आपका आत्मकथात्मक उपन्यास याद आया और यह भी लगा कि क्यों न युवा पीढ़ी की इस असाधारण हलचल का उपयोग हम अपने समाज को सांस्कृतिक-राजनीतिक दृष्टि से समझने में करें। ‘पच्छूँ का घर’ में आपकी वामपंथी राजनीतिक सक्रियता के दिनों की स्मृतियाँ भी हैं। उस दौर में राजनीति आप जैसे कार्यकर्ताओं के लिए चुनाव या सत्ता हासिल करने का माध्यम कम थी, समाज को समझने और उसे बदलने की परियोजना अधिक थी। आज जब दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लोग अपने समय की व्यवस्था से असंतुष्ट दिखाई देते हैं, तो क्या अपने उस दौर और आज की बेचैनियों के बीच कोई रिश्ता आपको दिखाई देता है? क्या बदला है- बेचैनी को समझने की वैचारिक ज़मीन या उसे राजनीतिक दिशा देने वाली शक्तियाँ?

चंद्रभूषण : नमस्कार, महेश जी। खुद को मैं आज भी एक राजनीतिक व्यक्ति की तरह देख पाता हूं तो यह उसी दौर की छाप है। होलटाइमरी के तीन दशक बाद भी राजनीति से मेरा रिश्ता ऐसा नहीं हुआ है कि दूर से झिलमिल दिखने वाले गुज़रे हुए कल की तरह उसका आदर्शीकरण कर सकूं। आंदोलन की राजनीति बहुत मामलों में चुनावी राजनीति से अलग होती है, लेकिन भीतर से लेकर बाहर तक कुछ शक्ति समीकरण उसमें भी होते हैं। गति के क्षणों में इन समीकरणों की शक्ल ठीक वही नहीं होती, जो ठहराव के क्षणों में दिखाई देती है। हालांकि जैसा आपने कहा, समाज को समझने और उसे बदलने की परियोजना यह मेरे समय में भी थी और आज भी है।

1984 के अगस्त से लेकर 1988 के जून तक, लगभग चार साल मैं छात्र राजनीति में रहा, फिर 1996 के मध्य तक पूर्णकालिक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में दूसरे मोर्चों पर सक्रिय रहा। 20 साल की उम्र से 32 साल का होने तक कोई 12 वर्षों का वह समय मेरा व्यक्तित्व बनने का भी था। मेरे ज़्यादातर मुहावरे उस दौर के ही बने हुए हैं। इस कुलवक़्ती गतिविधि को ‘पच्छूँ का घर’ की अपनी लिखाई के दौरान किसी अतीत मोह (नॉस्टैल्जिया) के भाव से मैं कैसे याद कर सकता था? अच्छी और बुरी, दोनों तरह की अनुभूतियां इतनी सघन थीं कि उनके प्रति लेखकीय तटस्थता भी किस विधि से साध पाता? उस दौर को रवानी में लिखना मेरे बूते से बाहर ही रहा।

बहरहाल, जिस राजनीतिक धारा से उस समय मेरा जुड़ाव था, सीपीआईएमएल-लिबरेशन, तीन दशकों की इस अवधि में ज्यादा बड़ी तो वह नहीं हो पाई है, लेकिन जमीन पर खूब सक्रिय है। दिमागी तौर पर मेरी एक चुटकी गति भी उसमें बनी ही हुई है, तो एक तरह की निरंतरता है।

रही बात तब और अब की सामाजिक बेचैनियों की तो 1980-90 के दशकों के बरक्स दुनिया बहुत बदल गई है। यहां बदलाव और सातत्य, दोनों दृष्टियों से चीज़ों को देखने की एक कोशिश मैं कर रहा हूं। सबसे बड़ा बदलाव संचार और संवाद की तकनीकों में दिख रहा है। उस समय तो हाल यह था कि इलाहाबाद के यमुना किनारे वाले इलाके कीडगंज में चल रहे हमारे छात्र आंदोलन की खबर हफ्ता दिन में यूनिवर्सिटी वाले इलाके कर्नलगंज तक नहीं पहुंच पाती थी।

शायद 1986 की बात होगी, राजीव गांधी की ‘नई शिक्षा नीति’ के तहत महंगी हो रही पढ़ाई के विरोध में सीएमपी कॉलेज के पास ट्रेनें रोकने की कोशिश में हम पटरियों से ही गिरफ़्तार किए गए। बृहस्पति की पकड़ाई के बाद मंगल की दोपहर नैनी जेल से रिहा होकर मैं अपने ठीहे पर पहुंचा तो रोज़ साथ उठने-बैठने वाले एक मित्र ने पूछा- ‘कहां थे? कई दिन से दिखे नहीं इधर।

उसकी तुलना अभी की स्थिति से की जाए तो गिरफ़्तारी के बाद पांच रातें एक सेंट्रल जेल में बिताने की बात ही छोड़ें, नारेबाजी और थाने में कुछ घंटे बिताने तक की तस्वीरें सोशल मीडिया के ज़रिये हाथ के हाथ ग्लोबल हो जाती हैं। सात समुंदर पार से लोग इस पर प्रतिक्रिया भी देते हैं।

दूसरा बड़ा बदलाव आंदोलन में लड़कियों की भागीदारी का है, जो अभी ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचती हुई लग रही है। हमारे समय में सड़क के आंदोलनों में लड़कियां कम दिखाई पड़ती थीं। हालांकि मैं जब प्रगतिशील छात्र संगठन से जुड़ा, उस समय कुमुदिनी पति इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की उपाध्यक्ष थीं। वे एक प्रखर वक्ता और बहादुर आंदोलनकारी रही हैं और लंबा समय क्रांतिकारी राजनीति में बिताकर अभी पारिवारिक जीवन में लौट आई हैं। इसे दुर्भाग्य ही कहना होगा कि इलाहाबाद की छात्र राजनीति में उनकी कोई परंपरा नहीं बन सकी।

हमारे देखते-देखते, और हमारी कोशिशों के बावजूद उस शहर और विश्वविद्यालय का अभूतपूर्व लंपटीकरण हुआ। यूं भी, जीवन मूल्य के स्तर पर दोनों काफी पिछड़े हुए थे। अकारण भारी दबाव कुमुदिनी को झेलना पड़ता था। इसी तरह गोरखपुर में जीता कौर हमारे समय की एक जुझारू छात्र नेता थीं लेकिन उनकी पहचान कैंपस के बाहर के जनांदोलनों से ज्यादा बनी। इस तरह की अपवाद प्रतिभाओं की तुलना में लड़कियां अभी न केवल दिल्ली में बल्कि इलाहाबाद, पटना, रांची, कोलकाता और देश के तमाम छोटे शहरों में भी सहज ढंग से आंदोलनों का नेतृत्व कर रही हैं और लड़कों को भी उनकी अगुवाई में संघर्ष करने में कोई हेठी नहीं महसूस हो रही।

तीसरा जबर्दस्त बदलाव आंदोलन में विचारधाराओं के समन्वय का है। हमारे समय के बड़े आंदोलनों में भी तमाम छात्र संगठन साथ आ जाते थे, लेकिन विचारों के आर-पार इस तरह की एकजुटता जेपी मूवमेंट में ही सुनी गई थी, जो हमारे लिए एक क़िस्सा भर था। जंतर-मंतर पर लगातार जारी आंदोलनों में ही नहीं, 20 जुलाई को छात्रों के साथ अपने डिटेंशन में भी मैंने लाल सलाम, जय भीम और वंदे मातरम के नारे साथ-साथ लगते सुने। और लड़के-लड़कियां ऐसा किसी होड़ में नहीं, कॉमरेडरी की भावना के साथ, एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते हुए कर रहे थे।

उनकी वैचारिक पृष्ठभूमि अलग-अलग थी लेकिन सत्ता का सामना करते हुए उन्होंने साथ-साथ पुलिस के डंडे खाए थे, हिंदुत्ववादी दिखावे वाले लंपट तत्वों की गालियां और तल्ख टिप्पणियां बर्दाश्त की थीं। एक-दूसरे की मीन-मेख निकालना उनके मिज़ाज में नहीं था। अपने साथ बस में बिठाले गए एक नौजवान से मैंने पूछा, ‘क्या लगता है, इस संघर्ष से कुछ चीज़ें बदलेंगी?’ उसने कहा- ‘सर, और कुछ बदले या नहीं, मैं तो हमेशा के लिए बदल गया। आंदोलन देखने आया था लेकिन सरकार किसके लिए और कैसे काम करती है, सारा सीन दो ही बेंत में क्लीयर हो गया!’

एक दिलचस्प बदलाव नारों के स्वरूप में भी ज़ाहिर हो रहा है। अभी का छात्र आंदोलन इस मामले में कहीं ज़्यादा क्रिएटिव है। अनेक विस्मित करने वाले नारे थे। बहुत क्रिएटिव। एक से बढ़कर एक, जो सत्ता के प्रतीकों को चुटकियों में हास्यास्पद बना रहे थे। जैसे अभिजीत दिपके ने ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ फिल्म के एक गाने का मुखड़ा सरकार के लिए संदेश के रूप में दोहराया- ‘सुबह हो गई मामू’! हमारे समय में अपनी क्रिएटिविटी हम कभी निराला, कभी महादेवी, कभी धूमिल की किसी पंक्ति के ज़रिये ज़ाहिर करते थे। इतना आत्मविश्वास शायद हमारे पास नहीं था। नतीजा यह कि हमारे नारे ज़्यादा राजनीतिक और कुछ रूखे-सूखे से थे।

  • जुलाई में हुए आंदोलन का आधार व्यापक था। उसके केंद्र में कोई एक मुद्दा नहीं था। जहाँ तक मैं समझता हूँ, सतह पर नीट वाला एक मुद्दा था लेकिन केंद्र में उससे गहरे और व्यापक मुद्दे थे। असंतोष की जड़ें गहरीं थीं। समाज के कितने विभिन्न स्तर और कितनी आवाज़ें वहाँ थीं, वह अभूतपूर्व था। वह किसी व्यापक निराशा को भी एक्सपोज़ करता हुआ दिख रहा था। पर ध्यान देने वाली बात है कि इसका अधिकांश भाग बिना किसी पॉलिटिकल एक्सपोजर वाले छात्रों से बना था। आपने इसको अधिक निकट से देखा है। बताएँ, आपको क्या दिखाई पड़ा?

आपके सवाल के बाद वाले हिस्से से शुरू करता हूं। इस आंदोलन की शुरुआत करने वाली शक्ति से, जिसने बिना पॉलिटिकल एक्सपोजर वाले छात्रों-नौजवानों को सबसे ज्यादा आकर्षित किया। यह है कॉक्रोच जनता पार्टी! एक ऐसा नाम, जिसकी भारतीय राजनीति में कल तक कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। इसके उदय का किस्सा सभी जानते हैं। दिल्ली हाईकोर्ट में सीनियर वकीलों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर चल रही एक सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश की टिप्पणी में कॉक्रोच शब्द आया, जिसकी प्रतिक्रिया में यह ऑनलाइन पार्टी बनी।

अंग्रेजी में उन्होंने कहा था- “कुछ युवा कॉक्रोच जैसे होते हैं, जिन्हें न कोई रोजगार मिलता है, न न्यायिक पेशे में जगह मिल पाती है। उनमें से कुछ मीडिया में चले जाते हैं, कुछ सोशल मीडिया और आरटीआई एक्टिविस्ट बन जाते हैं और हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं।”

इसके जवाब में अमेरिका के बोस्टन शहर में मास मीडिया के शोधार्थी, डिजिटल रणनीतिकार अभिजीत दिपके ने एक्स (ट्विटर) पर छोटी सी टिप्पणी लिख डाली- “वॉट इफ ऑल कॉक्रोचेस कम टुगैदर?” क्या हो अगर सारे कॉकरोच एक साथ आ जाएं? फिर वे आते गए, कारवां बनता गया। ऑनलाइन ही लाखों नौजवान जमा हुए, फिर उनका ऑफलाइन करिश्मा हम सबने देखा।

खैर, कॉक्रोच शब्द को एक तरफ रख दीजिए। क्या कुछ दिन पहले आप कल्पना कर सकते थे कि दसियों लाख लोगों के जुड़ाव वाला एक संगठन अपने घोषणापत्र में आलसी होना हर किसी का जन्मसिद्ध अधिकार बताएगा और काम न मिलने अथवा शौकिया तौर पर बेरोजगार रहने को अपनी सदस्यता की जरूरी शर्त घोषित करेगा? ये सारे कमाल आपको कॉक्रोच जनता पार्टी के मैनिफेस्टो में दिख जाएंगे, जहां वह खुद को ‘वॉयस ऑफ द लेज़ी ऐंड अनएंप्लॉएड’ कहती है।

पार्टी का आग्रह आलसी बने रहने के अधिकार को राजनीतिक-संवैधानिक मान्यता दिलाने का है। सड़क पर हों या घर में, भड़ास निकालते रहें। सीजेपी की दलील है कि भारत का युवावर्ग शारीरिक रूप से बिस्तर पर लेटा हो तो भी उसका दिमाग पूरी तरह सक्रिय है। वह देश की कमियों को देख रहा है और दिन में 11 घंटे ऑनलाइन रहकर सिस्टम से सवाल पूछ रहा है।

यह मैनिफेस्टो एक सरल लेकिन रणनीतिक रूप से सक्षम दस्तावेज है। गिनती की पांच जरूरी बातें इसमें मौजूद हैं- न्यायिक सुधार, चुनावी ईमानदारी, लैंगिक समानता, मीडिया जवाबदेही और दलबदल विरोधी कानून। आंदोलन में काफी बड़ी भूमिका इस संगठन की बेबाकी और खुलेपन की थी, जिसके चलते ही वाम और दलित संगठनों ने इससे जुड़कर इसका नेतृत्व किया।

  • इस सब में बतौर एजेंडा भी कुछ ऐसा खास था, जिसने इतनी बड़ी गोलबंदी को संभव बनाया?

एजेंडा निश्चित रूप से मायने रखता है, लेकिन ज्यादा बड़ी चीज है मोड़ लेता समय। वी. एस. नायपॉल ने भारत में इमर्जेंसी और जनता प्रयोग वाले अपने अनुभवों को लेकर ‘इंडिया : अ मिलियन म्यूटिनीज नाउ’ किताब लिखी है। उसमें उन्होंने कहा है कि स्वाधीनता आंदोलन के समय भारत में जनसंघर्षों का जो राष्ट्रव्यापी गांधीवादी नैरेटिव बना हुआ था, वह तीन दशकों की निरंतरता के बाद जनता प्रयोग की नाकामी के साथ ही अपनी आखिरी सांसें ले चुका है। यह भी कि यहां से आगे भारत में स्थानीय स्वरूप के या किसी खास तबके की तकलीफ से जुड़े या प्रतिक्रिया आधारित आंदोलन ही देखने को मिलेंगे, राष्ट्रव्यापी आख्यान कोई शायद ही बन सके।

नायपॉल की विचारधारा को लेकर मेरी राय चाहे जैसी भी हो, लेकिन तथ्यों को देखते हुए उनके इस विश्लेषण से मैं हाल तक असहमत नहीं हो पाता था। लगभग चालीस साल इसी तरह गुजर गए कि कभी कोई कैंपस धधक पड़ा, कभी किसी इलाके में हिंसा भड़क उठी, लेकिन आंदोलन हर किसी को छुए, ऐसा बहुत विरले कभी नजर भी आता था तो आगे जाने पर बात बीच में ही ठिठक जाती थी। आम तौर पर क्षेत्रीय, जातीय या धार्मिक चेतना वाले आंदोलन ही फैलते दिखाई पड़े। बीच में लोकपाल आंदोलन के समय राज्य मशीनरी की पारदर्शिता भी कुछ इसी तरह का सर्वव्यापी मुद्दा बनती दिखी थी लेकिन अन्ना हजारे के नेतृत्व ने उस पूरे आंदोलन को एक बुरी मिसाल में बदल जाने दिया। व्यवस्था का पूरी तरह अपारदर्शी हो जाना उन्हें फिर दिखा ही नहीं।

कोई ऐसा मुद्दा, जिसकी धमक कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से अरुणाचल प्रदेश तक हर किसी को सुनाई दे और लोगों में कुछ उम्मीद भी बंधाए, हमारी पहुंच से तो बाहर ही रहा। अर्से बाद वह कमी अभी दूर होती दिख रही है। नीट वाले आंदोलन में देश भर के युवाओं ने एक कंठ से बोलना सीखा और उसका कुछ प्रभाव चुनाव आयोग से जुड़ी गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहे संघर्ष में भी देखने को मिल रहा है। बेशक, इस मुद्दे की शक्ल कहीं ज्यादा राजनीतिक है।

पॉलिटिकल पार्टियां आगे बढ़कर इसका नेतृत्व कर रही हैं। उनकी आवाज अभी पहले से ज्यादा बड़े दायरे तक पहुंच रही है, जो नीट वाले आंदोलन के बिना शायद संभव न होता। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम चला रहे राहुल गांधी को भी असल ‘नेता विपक्ष’ जैसी गूंज इसके बाद ही मिली। मेरी अनुभूति में यह पहला ही आंदोलन है, जिसमें कथित मुख्यधारा के अलावा महिलाओं और दलित, मुस्लिम समुदायों की भी बात सुनने से लेकर मार खाने तक बराबर की भागीदारी रही है।

  • ये तो वे बातें हुईं जो आपके सियासी दौर से अलग हैं। कुछ ऐसा भी है जो ज्यादा नहीं बदला है?

सत्ता का रुख 1980 और 90 के दशकों में भी ऐसी ही हठधर्मिता वाला था, जैसा वह आज है। सरकारें लोगों को कीड़ा-मकोड़ा ही समझती हैं। कोढ़ में खाज की तरह बात थोड़ी और यूं बिगड़ गई है कि दुनिया अभी दक्षिणपंथ, या कहें कि यथास्थितिवाद की तरफ कुछ ज्यादा हमलावर ढंग से झूल गई है। जिन छात्र आंदोलनों का मैं हिस्सा था, वे कैंपस से बाहर निकलते थे तो अनिवार्यतः कांग्रेस की राज्य और केंद्र सरकारों से टकराते थे। पुलिस का काम इसी तरह सरकारी हुकुम पर डंडे और आंसू गैस चलाने का था, आज तो वह पैलेट गन भी चला देती है।

बहरहाल, सरकारी दमन के समानांतर और पुलिस से मिलकर सत्ता पक्ष से जुड़े संगठनों का हमला अभी जैसा दिखाई पड़ रहा है, 1980 के दशक में यह इतने बड़े पैमाने का नहीं था। हमारा संगठन पीएसओ (आइसा का पूर्ववर्ती) अपनी सक्रियता के चलते संघी, समाजवादी और कांग्रेसी, तीनों ही धाराओं के निशाने पर रहता था और हम पर हमला करने में वे अक्सर एक साथ भी आ जाते थे। लेकिन चार साल की अपनी छात्र राजनीति में कांग्रेसी छात्र संगठन एनएसयूआई से कुल दो बार की सीधी भिड़ंत ही मुझे याद पड़ती है। यह भी स्वतंत्र टकराव था। पुलिस मशीनरी के साथ मिलकर या उसकी आड़ में छिपकर उन्होंने कभी कुछ नहीं किया।

अभी की पूरी सत्ता राजनीति तब की तुलना में कहीं ज्यादा गुर्राहट भरी है। यह शीर्ष स्तर पर योजना बनाकर चौबीसो घंटे कोई न कोई ‘शत्रु’ खोजती-गढ़ती रहती है। हर रोज कोई नया किस्सा खड़ा करना, लोगों की बेचैनियों को उसमें समेटकर बाहर तो क्या, उनके मन के भीतर भी धुंध पैदा कर देना इसकी कार्यशैली है, और मीडिया भी इस काम में उसका सहभागी है।

मेरी राजनीतिक सक्रियता के समय न्यूज मीडिया के नाम पर अखबार ही हुआ करते थे। वे भी कुछ खास आजाद तो नहीं थे लेकिन एक सीमा तक खुद को तटस्थ दिखाना 1977 के सत्ता परिवर्तन के बाद से उनकी मजबूरी बन गई थी। अभी ऐसा कहीं कुछ भी नहीं बचा है। नैतिकता की न्यूनतम बाधा तक नहीं रह गई है। संगठित मीडिया, चाहे प्रिंट हो या रेडियो-टीवी, इतना बढ़-चढ़ कर सत्ता पक्ष के प्रचार में जुटा है, साथ में सांप्रदायिक और जातिगत घृणा भी फैला रहा है कि सड़कों पर उतरी आज की नई पीढ़ी उसको नींद में भी मीडिया मानने को तैयार नहीं है।

  • आप आज भी सक्रिय हैं, पहले भी सक्रिय थे। क्या उन दिनों राजनीतिक संगठन, वैचारिक बहस, साथियों के बीच संवाद और सामूहिक संघर्ष का कुछ अलग स्वरूप था? एक राजनीतिक कार्यकर्ता बनना किसी विचार से सहमत होना भी है, साथ में अपने समय, समाज और अपने आप से लगातार जूझना भी है। आप बताएं कि आज आंदोलनों के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोगों को जुटाना है या उनके साथ लंबे समय तक एक साझी राजनीतिक समझ विकसित करना, उसको नर्चर करना (पालना-पोसना), उसको डायनेमिक बनाए रखना या कुछ और?

सामाजिक गहराई वाला एक लंबा आंदोलन केंद्र और परिधि के बीच सतत संवाद से ही संभव होता है और इस संवाद को संभव बनाने का काम कार्यकर्ताओं का ही होता है। उनकी कोशिशों से ही आंदोलन में केंद्र और परिधि के बीच डायनेमिक रिश्ता बनता है। डायनेमिक, यानी आंदोलन से नया-नया जुड़ा व्यक्ति भी किसी खास घटनाक्रम में रातोंरात उसकी नेतृत्वकारी भूमिका में पहुंच जाता है। एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में मैंने तीन तरह के संगठनों में काम किया है। एक छात्र संगठन में, नियमित पत्रिका निकालने वाली एक टीम में और सीधे एक राजनीतिक दल की शहर, जिला और राज्य इकाइयों में। तीनों के तजुर्बे अलग-अलग बताता हूं।

हमारा छात्र संगठन कुछ काम नियमित रूप से करता था। जैसे हर हफ्ते इतवार की शाम एक स्टडी सर्कल चलाना। इसमें हम लोग एक विषय लेते थे और कभी-कभी बोलने के लिए उसके एक विशेषज्ञ को भी आमंत्रित करते थे। इसके लिए कैंपस में ही कहीं खुले में गोला बनाकर बैठ जाते थे। बारिश का मौसम होता तो किसी डिपार्टमेंट के बरामदे में बैठते थे। स्टडी सर्कल में आने वाले हर व्यक्ति को अपनी बात जरूर रखनी होती थी, चाहे वह मजाकिया हो या गरिष्ठ।

कुछ लोग इसमें पर्चा भी लिखकर लाते थे, लेकिन बेहतर यही समझा जाता था कि आप सिर्फ पॉइंट नोट करके लाएं और उनके इर्द-गिर्द जो भी बोलना है, लोगों से बातचीत की शैली में ही बोलें। बोलते हुए झेंप होती है तो होने दें, कोई आपको टोकने नहीं जा रहा। औरों की छोड़ें, मुझे खुद का ही ध्यान आता है कि अपने पहले साल में एक-दो बार ऐसी बातें मैंने इस गोष्ठी में कहीं, जिनके बारे में सोचकर बाद में झेंप होती रही। लेकिन झेंप या एंबेरेसमेंट ही वह प्रक्रिया है जो हमें सबसे ज्यादा सिखाती है। बाद में थोड़े दिन इस स्टडी सर्कल का संचालन भी मेरे जिम्मे रहा।

हमारा हर साथी चीजों को वस्तुगत ढंग से समझने का प्रयास करे, अपने इर्द गिर्द के सवालों पर भरसक किसी साफ नतीजे तक पहुंचा रहे, और किसी से भी बातचीत में खुलकर अपनी स्पष्ट राय रख सके, संगठन का यह एक वैचारिक पक्ष था। इसका दूसरा पक्ष हमारी गीत-नाट्य इकाई ‘दस्ता’ में दिखता था, जो अपने नुक्कड़ नाटकों के लिए देश भर में जानी जाती थी। दस्ता के ही साथियों द्वारा लगाए गए कविता-पोस्टरों ने मुझ जैसे कितनों को कविता की तरफ मोड़ा और यह दिलचस्पी कविता पढ़ने से आगे बढ़कर कविता लिखने की ओर चली गई। हम कह सकते हैं कि हमारे छात्र संगठन की नियमित भूमिका एक वैचारिक आंदोलन की थी, और आज भी है।

इस आंदोलन का बाहरी पक्ष मुख्यतः हमारा ‘संपर्क अभियान’ हुआ करता था। इसके तहत हम दरवाजा खटखटा कर हॉस्टल या डेलीगेसी में रह रहे किसी भी छात्र के कमरे में चले जाते थे, और उसने डांटकर भगा ही नहीं दिया तो जो भी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय घटना, या फिर यूनिवर्सिटी से जुड़ी कोई बात उस समय चर्चा में रहती थी उसके बारे में उससे बातचीत करते थे, बाद में उसको अपने संगठन के बारे में भी बताते थे। इलाहाबाद के उस करियरिस्ट माहौल में यह बहुत आसान नहीं था, और इस मामले में भी झेंप के बहुत सारे प्रकरण मुझे याद हैं।

मसलन, पॉलिटिकल साइंस के एक शोधार्थी से 1985 की शुरुआत में ही मैंने ग्राम्शी पर लंबी बातचीत की, जबकि मेरी अपनी काबिलियत सिर्फ एक साइंस ग्रैजुएट की थी। क्यों की, यह अभी बिल्कुल याद नहीं आ रहा। बाद में पता चला कि उन सज्जन की रिसर्च ग्राम्शी पर ही चल रही थी, जबकि इस चिंतक के बारे में मैंने चार पन्ने से ज्यादा तब तक नहीं पढ़ा था, वह भी कोई ऊपर-झापर की चीज। झेंप इतनी गहरी थी कि शोधार्थी का नाम भी मुझे याद रह गया- अबरार भाई! खैर, इसमें कोई शक नहीं कि छात्रों के बीच हम सिर्फ अपने संगठन और उसके किसी कार्यक्रम का प्रचार करने नहीं जाते थे। उनसे हमारा संपर्क बहस-मुबाहिसे के स्तर का था।

संपर्क का दूसरा पहलू निश्चय ही सड़क से जुड़ा था। यही छात्र, जिनसे एक-दो मुलाकातों के बाद उनके साथ हम यूनिवर्सिटी रोड की चाय की दुकानों पर रात के दो बजे तक बहसें किया करते थे, कई मौकों पर आगे बढ़कर विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस से लोहा भी लेते थे। हमारी भूमिका इसमें बस इतनी ही थी कि पढ़ाकू लोगों को हम बाहरी दुनिया से जोड़े रखते थे। उनमें कुछ ऐसे भी थे जो बाद में राजनीतिक कार्यकर्ता बने लेकिन ज्यादातर अकेडमीशियन, वैज्ञानिक या प्रशासनिक अधिकारी हुए। खैर वे जहां भी हैं, प्रायः अच्छे जीवन मूल्यों के लिए जाने जाते हैं।

संगठन की भीतरी बहसें कुछ अलग ही चीज हैं और ऊपर अपनी तैनाती की जिन तीनों जगहों का जिक्र मैंने किया, सभी में इसके अलग-अलग अनुभव हैं। पत्रिका में कवि त्रिलोचन, पत्रकार सुरेंद्र प्रताप सिंह और रेडिकल बुद्धिजीवी गौतम नौलखा के साथ लंबी-लंबी बैठकी की चर्चा में उतरे बगैर मैं इतना कहना जरूरी समझता हूं कि यहां के सांगठनिक ढांचे में हमारे विचार ही नहीं, समूचे व्यक्तित्व रूपांतरित हुए। अंतर्विरोधों को सुलटाने के बजाय उन्हें हल करना हमने यहीं सीखा। ‘हम’ में मेरे दो हमउम्र- सय्यद मोहम्मद इरफान और विष्णु राजगढ़िया शामिल हैं, जिनकी ख्याति क्रमशः टीवी-रेडियो संवादकर्ता और सूचना अधिकार कार्यकर्ता के रूप में है।

प्रत्यक्ष पार्टी काम से यहां मैं सिर्फ एक उदाहरण देना चाहूंगा। भोजपुर में बतौर जिला कमेटी सदस्य एक महत्वपूर्ण बैठक में अपने एक सीनियर साथी के प्रति कोई कड़वी बात मेरे मुंह से निकल गई। रात में यह बैठक अगले दिन के लिए मुल्तवी हुई तो मैंने पार्टी सेक्रेटरी को अलग ले जाकर कहा कि मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई, ऐसे आरोप की भाषा में मुझे अपनी बात नहीं कहनी चाहिए थी, मैं इस बैठक में ही सबके सामने मास्टर साहब से माफी मांगना चाहता हूं।

हमारे जिला सचिव, जो हम सबके प्रिय नेता भी थे, उन्होंने मुझे समझाया कि मैं ऐसा न करूं। बैठक में तो क्या, अकेले में भी मास्टर साहब से माफी न मांगूं। अगर मुझे अपनी गलती का एहसास है तो इसको अपने मन में रखूं और कोशिश करूं कि किसी के भी बारे में कोई कड़वी बात अगर कहनी है तो पूरी तस्दीक कर लेने के बाद ठंडे दिमाग से ही उसे कहूं। और ऐसी किसी बैठक में उसे कहना जरूरी लगे तो भी इस तरह से कहूं कि सुधार की गुंजाइश बची रहे।

पार्टी संगठन में जिला या राज्य स्तर पर तो नहीं लेकिन आरा शहर के प्रभारी के तौर पर अपनी इकाई में खुद की शुरू की हुई एक परंपरा मुझे आज भी अच्छी लगती है। राजनीतिक सवालों पर हमारी नियमित बैठकें होती ही रहती थीं, लेकिन हर तीन महीने में एक बार, यूं कहें कि एक मौसम में एक बार हम अपने सभी कार्यकर्ताओं के सुख-दुख पर बात करने के लिए भी बैठते थे।

ऐसी कुछ गिनी-चुनी बैठकों में एक का एजेंडा मुझे आजतक याद है- ‘क्या आप अपनी पत्नी को पीटते हैं?’ बैठक में महिलाएं और लड़कियां भी शामिल थीं। वे पार्टी की साथी थीं और इस एजेंडे से विक्षुब्ध थीं। उनका कहना था कि हमें तो पार्टी ने एजेंडे से ही बाहर कर दिया, क्योंकि हम तो अपनी पत्नी को सिद्धांत रूप में भी नहीं पीट सकतीं! इस पर मुझे सफाई देनी पड़ी और मैंने दी। साथ में वजह बताई कि इस शीर्षक से ही इस बैठक को आयोजित करना कितना जरूरी था।

संगठन की जिम्मेदारियों की वजह से कई साथी परिवार को बहुत कम समय दे पाते हैं। आर्थिक परेशानियां भी रहती हैं। ऐसे में झल्लाहट का शिकार सबसे पहले घर की औरतें ही होती हैं और अपनी ऐतिहासिक भूमिका में मगन पुरुष को कई बार अपनी गलती का एहसास भी नहीं होता।

इस विषय पर खुलकर बातचीत हुई। लोगों ने इस तरह की घटनाएं याद कीं और नितांत निजी दायरे के अपने अनुभव बताए। मैं स्वयं तब अविवाहित था इसलिए मेरे पास बताने को कुछ नहीं था। सिर्फ लोगों को सुनने और बीच-बीच में उन्हें उकसाने का ही काम था। लड़कियां आक्रामक थीं- ‘फ्रस्ट्रेशन था तो खुद को मार लेते, पत्नी को क्यों पीटा?’ यह बैठक नतीजे निकालने, फैसले सुनाने की नहीं थी। इसका स्वर आत्मालोचना, साझेदारी और एक-दूसरे की मदद करने का था।

आपने जो यह सवाल पूछा है कि राजनीतिक कार्यकर्ता बनना क्या केवल किसी विचार से सहमत होना है, या यह अपने समय, समाज और अपने आप से जूझना भी है- तो मेरे इन तजुर्बों को ही कृपया उसके जवाब की तरह ग्रहण करें। एक कार्यकर्ता को अपने मन के भीतर नींद में भी जूझना पड़ता है, लेकिन यह काम वह एक बीज विचार को धुरी बनाकर ही किया करता है।

यह धुरी हिलती है तो लड़ाई बहुत कठिन हो जाती है। बेगूसराय के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता बताया करते थे कि स्तालिन की मृत्यु के बाद सोवियत संघ की सत्ता संभालने वाले ख्रुश्चेव ने 1955 के आसपास सोशलिज्म के गड़े मुर्दे उखाड़ने शुरू किए तो वहां कुछ साथी अपना दिमागी संतुलन खो बैठे। इतनी सघन तो नहीं लेकिन कुछ मिलती-जुलती बातें 1992-93 में हमने भी देखी थीं।

राजनीतिक विचार अगर गहरा है और उसमें समाज को बदलने का माद्दा है तो सबसे पहले वह अपने कार्यकर्ता को बदलेगा। ‘बी द चेंज’ वाली जो बात है- जैसी दुनिया आप बनाना चाहते हैं, पहले खुद वैसा होकर दिखाएं- उस तरह की एक कोशिश जेनुइन संगठनों में चलती रहती है।

यह सही बात है कि एक अच्छा कार्यकर्ता सिर्फ बहस से तैयार नहीं होता। सही मुद्दों पर किए जाने वाले संघर्षों की भट्ठी में तपकर ही वह निखरता है। वहीं उसकी पहलकदमी खुलती है, जो किसी कार्यकर्ता के लिए सबसे जरूरी चीज है। छोटे दायरे की बहसों को वह आंदोलनों के जरिये सामाजिक स्तर की बहसों में बदल देता है और इस क्रम में खुद भी इतना बदल जाता है कि घर वालों, पुराने परिचितों के लिए उसको पहचानना मुश्किल हो जाता है। लेकिन इस बदलाव की तैयारी संगठन में ही होती है। बाहरी लोग, विरोधी वैचारिक शक्तियां कार्यकर्ता में खदबदा रहे ज्वालामुखी की अनदेखी करते हुए एक आरोप की तरह इसे ‘ब्रेनवॉश’ बताती हैं।

  • आज तो कोई भी घटना, वीडियो या पोस्ट कुछ ही घंटों में व्यापक आक्रोश पैदा कर सकती है, लेकिन उस आक्रोश को लंबे राजनीतिक संघर्ष और सामाजिक चेतना में बदलना दूसरी बात है। मुझे आशंका है कि अटेंशन की कमी को व्यापक और दीर्घकालीन रणनीति में ढाल पाना बहुत मुश्किल चुनौती है।

अटेंशन की कमी और रिश्तों को लेकर गंभीर न होना जेन-जी की आम समस्या बताई जा रही है लेकिन यहां आपकी आशंका शायद कॉक्रोच जनता पार्टी के तौर-तरीकों को देखकर पैदा हो रही हो। एक चीज पर बहुत देर तक टिके रहने का उनके साथ कोई मामला ही नहीं है। उनकी शब्दावली बहुत अलग है और बतौर पार्टी उनकी उत्पत्ति भी सोशल मीडिया से ही हुई है।

वैसे, अटेंशन एक-दो पीढ़ी पहले जितना जरूरी था, उतना अभी नहीं रह गया है और उसकी अपेक्षा भी शायद नहीं की जानी चाहिए। ‘वर्क फ्रॉम होम’ की आदी देश की नई पीढ़ी जीवन के कई पक्षों पर इतना हट कर सोचती है कि मैं भी हैरान रह जाता हूं। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उसके दुख-सुख किसी से घट कर हैं और अपनी मनुष्यता में वह बाप-दादों से कमतर है।

हमें यह हमेशा याद रखना होगा कि नीट की गड़बड़ियों के खिलाफ हुए आंदोलन में सिरे से अराजनीतिक छात्रों की बहुत बड़ी मात्रा में भागीदारी काक्रोचों के अगंभीर लगने वाले नए तौर-तरीकों से ही संभव हो पाई थी। यह जरूर है कि शांति-भंग के मुद्दे पर सीजेपी के नेताओं ने जिस तरह फटाफट बॉन्ड साइन कर दिए, उससे उनकी छवि में कोई इजाफा नहीं हुआ है।

किसी लंबे सामाजिक संघर्ष में मुख्य भूमिका वे निभा पाएंगे या नहीं, कुछ महीनों की उनकी सक्रियता आगे चलकर एक नई सामाजिक चेतना की धुरी बन पाएगी या नहीं, इसका फैसला भी समय ही करेगा। कॉक्रोच जनता पार्टी के नेता शायद स्थापित विपक्ष से अपनी दूरी बनाए रखने के लिए बीच-बीच में आंदोलन से ब्रेक लेते रहें। इस तरह की अपनी पहली छुट्टी में उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को घर में समय बिताने को बोल दिया। हालांकि बाद में लगा कि यह उत्तर भारत के लिए ही था, क्योंकि इस बीच केरल में उन्होंने एसआईआर पर एक बड़ा प्रदर्शन भी किया।

कार्यकर्ताओं को एक बार घर बिठा देने के बाद किसी नए मुद्दे पर वे उन्हें उतने ही उत्साह से सक्रिय कर पाते हैं या नहीं, इसी से तय होगा कि भारतीय राजनीति की यह सबसे नई पहल कितनी कारगर हो पाएगी। आम आदमी पार्टी के एनजीओ आधारित ढांचे में उन लोगों ने शुरू से ही अपने काडर को घर खर्च के लिए एक नियमित राशि मिलने की व्यवस्था की थी। अपनी सरकार बना लेने के बाद यह राशि बढ़ गई होगी। कॉक्रोच जनता पार्टी के साथ अभी तक ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। इस पार्टी को चलाने के सिस्टम पर अब तक खबरें भी नहीं आई हैं।

गिनती के कुछ शीर्ष नेताओं के अलावा स्थायी कार्यकर्ता नियुक्त करने का कोई सिस्टम उनके यहां कभी बनेगा या नहीं, इस बारे में भी कोई संकेत अब तक उनकी तरफ से नहीं आया है। इस मामले में अपने पुराने जीवन व्यवहार पर नजर डालूं तो हमारा रहना-खाना पूरी तरह जनता पर या अपनी कमेटियों पर निर्भर करता था। 1991-92 में एक बार मेरा परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था तो तीन महीने 200, फिर 150 रुपये महीने की मदद पार्टी ने मेरे घर भेजी थी। शादी हो जाने के बाद छह महीने 1200 रुपया हमारे कमरे का मासिक किराया भी दिया था। यकीनन, सीपीआई-सीपीएम उस दौर में भी अपने काडर का ज्यादा ख्याल रख पाते थे, क्योंकि वे बड़े दल थे, उनके जन संगठन भी बड़े थे और कुछ सरकारें भी उनके पास थीं।

खैर, संगठन के कार्यकर्ताओं का दुख-सुख एक तरफ रख दें तो बड़े दायरे के आंदोलन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अभी विरोध की भाषा खोजने की है। सूचनाओं के मामले में मौजूदा सरकार ने एक घुप्प अंधेरा सा फैला रखा है। आपके पास न बेरोजगारी के आंकड़े हैं न छंटनी के, न स्कूलों के न इलाज के। न बीमारियों के, न भुखमरी के, न चौतरफा घपलों के। शहरों में भीख मांगने वालों की कतारें लंबी ही होती जा रही हैं लेकिन ‘एक्सट्रीम पावर्टी’ के लगभग पूरी तरह खत्म हो जाने के दावे विश्व स्तर पर किए जा रहे हैं। तथ्यों का जब इस कदर टोटा पड़ा हो, सामने खड़ी हकीकत पर भी मोटा पर्दा पड़ा हो तो लोगों की बेचैनियां जाहिर कैसे हो पाएंगी?

सत्ताधारियों के लिए यह स्थिति बड़े फायदे की है। कथावाचकों वाली अपनी भाषण शैली में वे इसको किसी ‘आध्यात्मिक बेचैनी’ की तरह संबोधित करते हैं। काल्पनिक भय का खाका खींचने वाली ऐसी-ऐसी बातें, जिनका किसी वास्तविक समस्या से कोई संबंध ही नहीं होता। उनका सत्ता-संजाल भयावह है। देश की भीषण आर्थिक विषमता को बेयरर चेक की तरह भुनाते हुए प्रतिरोध के हर स्वर को इन्होंने धर्मद्रोह जैसा बना डाला है। देश की सारी संपदा दो पूंजीपति घरानों को सौंपने वाली सरकार के गुन गाना धर्म, और असल दुख-सुख पर चर्चा करना धर्मद्रोह!

यह देश भी कभी याद करेगा कि कैसे खतरनाक सम्मोहन में उसने लंबा अरसा गुजार दिया था। रही बात आम जन के आक्रोश को सामाजिक चेतना में बदलने और साझा राजनीतिक समझ विकसित करने की, तो मेरे ख्याल से अभी पहली जरूरत लोगों की लाचारी खत्म करने की है। सांप्रदायिक दक्षिणपंथी विचारधारा ने बड़े जतन से प्रतिरोध का हौसला पस्त किया है। लोगों के मन में ऐसा नियतिवाद भर डाला है जो शायद राजतंत्र के समय में ही देखने को मिलता रहा हो। ‘इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते’। ‘कुछ भी कर लो, आएगा तो…’। हत्यारों-बलात्कारियों को माला पहनाना। दंगाइयों को मंत्री बनाना। चुनाव का पूरा ढांचा अपनी मर्जी का बना देना। यह सब न केवल लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए, बल्कि भारतीय सभ्यता के लिए भी ठीक नहीं है।

वैचारिक बहुलता हमारी सभ्यता का मिजाज रहा है, जिसकी गुंजाइश दिनों-दिन खत्म होती जा रही है। बीते छह महीनों के आंदोलनों ने इस स्थिति को बदला भले न हो लेकिन बदलाव की गाड़ी में पहला गियर तो लगा ही दिया है। बहरहाल, 2011 में लोकपाल आंदोलन के अनुभव से हम जानते हैं कि आंदोलन से उभरी चेतना के कुंद होने, बल्कि पीछे लौटने में भी देर नहीं लगती। इसलिए राजनीतिक समझ बढ़ाने और समाज का मिजाज बदलने का काम आगे के लिए टाला नहीं जा सकता। आंदोलनकारियों को इस बारे में अपनी सोच अभी से स्पष्ट रखनी चाहिए।

  • इन दिनों फ्रांस, स्पेन, इटली, पुर्तगाल और अल्बानिया जैसे देशों में महंगी होती जीविका, आवास का संकट, कमजोर पड़ती सार्वजनिक सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा के सवालों पर असंतोष साफ़ दिखाई दे रहा है। लेकिन राजनीतिक विमर्श में इन तकलीफों को अक्सर आप्रवासन और मुस्लिम आबादी के सवालों की ओर मोड़ दिया जाता है। क्या राजनीति लोगों की वास्तविक आर्थिक-सामाजिक बेचैनी को किसी दूसरे दुश्मन की पहचान देकर अपने पक्ष में इस्तेमाल कर रही है? क्या यह हमारे समय की राजनीति का कोई साझा वैश्विक चरित्र है या आधुनिक राजनीति का हमेशा से ऐसा ही चरित्र रहा है?

यूरोप में अभी चल रहे छात्रों और नागरिकों के आंदोलनों के मूल कारणों को आपने यहां रेखांकित कर ही दिया है- जीविका, आवास का संकट, कमजोर पड़ती सार्वजनिक सेवाएं और सामाजिक सुरक्षा के सवाल। इनमें से ज्यादातर के तार मुख्यतः रूस-यूक्रेन युद्ध से और फिर पश्चिम एशिया की लड़ाइयों से जोड़ने की एक आम प्रवृत्ति विश्लेषकों में देखी जा रही है, जो गलत नहीं है। लेकिन हम गौर करें तो यूरोप की सरकारों द्वारा कोरोना महामारी के दौरान और उसके पहले भी जन-कल्याण से जुड़े खर्चों से पीछे हटने का रुझान विभिन्न घटनाओं में जाहिर हो रहा था। दक्षिणी यूरोप का कर्ज संकट निपटाने में ही यूरोपियन यूनियन की हालत खराब थी।

गृहयुद्ध-विस्थापितों का जिंदा रहने के लिए पश्चिमी एशिया और उत्तरी अफ्रीका से यूरोप भागना भी अरब स्प्रिंग और खासकर उग्र चरमपंथी संगठन आइसिस के उदय के साथ जाहिर होने लगा था। लेकिन लोगों की बदहाली को अर्थव्यवस्था की पेचीदगी और सरकारों की विफलता की तरह देखने के बजाय इसे विस्थापित शरणार्थियों के दबाव की उपज बताना, बल्कि कुछ देशों में तो इसको खुलेआम मुसलमानों की साजिश की तरह पेश करना एक ताजा सियासी हथकंडा है।

डॉनल्ड ट्रंप से लेकर मरीन ली पेन तक जो दक्षिणपंथी राजनेता यूरोप के मध्यवर्ग और कमजोर तबकों की दुर्दशा का कारण बाहर से आई मुस्लिम आबादी को बता रहे हैं, वे इस सचाई को हरगिज नहीं मानेंगे कि यूरोप की मौजूदा समृद्धि में भी मध्य-पूर्व से आए लोगों की बड़ी भूमिका है। सबसे ज्यादा अल्जीरिया से आकर फ्रांस में बसे मेहनतकशों की, जिन्होंने द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद से ही उसको वर्किंग हैंड्स की कमी नहीं महसूस होने दी। यह कैसी सोच है, जो लगभग आधी फ्रांसीसी फुटबॉल टीम के अफ्रीकी होने पर चूं नहीं करती, लीजेंड्री फुटबॉलर जिनेदिन जिदान पर गर्व करती है, लेकिन अपनी मुसीबतों का ठीकरा उन्हीं के धर्म पर फोड़ देती है!

पश्चिम का बौद्धिक परिवेश पता नहीं क्यों फ्रेंच अर्थशास्त्री टॉमस पिकेटी की खोज-आधारित प्रस्थापनाओं पर बात करने से लगातार कतराता दिखाई दे रहा है। 2013 में प्रकाशित अपनी किताब ‘कैपिटल इन द ट्वेंटी फर्स्ट सेंचुरी’ में पिकेटी ने दुनिया पर मंडरा रही असमानता की महामारी का खाका खींचा था। इसके लिए उन्होंने पिछले ढाई सौ वर्षों में धन और आय के वैश्विक संकेंद्रण का अध्ययन किया था और बिल्कुल ठोस तथ्यों के आधार पर नतीजा निकाला था कि पूंजी पर होने वाले मुनाफे की दर हर हाल में जीडीपी ग्रोथ रेट से ज्यादा ही रहती है।

याद रहे, दुनिया ने इन ढाई सौ वर्षों में औद्योगिक साम्राज्यों का उदय और अस्त देखा है। दो विश्वयुद्ध देखे हैं, न जाने कितनी महामारियां देखीं हैं, और क्रांतियां और तख्तापलट तो न जाने कितने ही देखे हैं। महामंदी जैसी घटनाएं भी इस बीच दिखी हैं, जिनमें पूंजी का समूचा ढांचा ही उलट-पुलट हो जाता था। लेकिन इस सबके बावजूद ऐसा कभी न हुआ कि संसार की कुल पूंजी में होने वाली परसेंटेज ग्रोथ दुनिया की जीडीपी परसेंटेज ग्रोथ से कम निकली हो। निष्कर्ष यह कि पूंजी की दृष्टि से जबर लोगों का लगातार पहले से ज्यादा जबर होते जाना एक स्थायी बात है।

ध्यान रहे, यह शोध निष्कर्ष उस समय का है, जब ट्रिलियन डॉलर एआई कंपनियों का सिलसिला दस साल या इससे ज्यादा दूर था। अभी तो खैर पैमाने ही बदल गए हैं। विषमता पर काम करने वाले ग्लोबल एनजीओ ऑक्सफैम ने जनवरी 2026 में अमीर मुल्कों के दावोस सम्मेलन से ठीक पहले बताया था कि दुनिया भर के अरबपतियों की सालाना आय सिर्फ 2025 ई. में पिछले साल के मुकाबले 16 फीसदी बढ़ गई। यह रफ्तार पिछले तीन वर्षों के औसत की तीन गुनी थी।

मतलब यह कि यह दौर पूंजी के अभूतपूर्व संकेंद्रण का, यानी अमीरों के सुपर अमीर होते जाने का है। ऑक्सफैम वाले भारत को कई वर्षों से संसार के चुनिंदा, सबसे विषमतापूर्ण समाजों में एक मानते आए हैं। इस साल उनका हिसाब था कि भारतीय आबादी में चोटी के 1 फीसदी लोग यहां की 40.5 फीसदी संपदा को नियंत्रित करते हैं, जबकि आबादी के आधे यानी 50 फीसदी हिस्से का जीना-मरना केवल 3 फीसदी राष्ट्रीय संपदा में ही संपन्न हो जाता है। काश कोई समझाता कि जिस यूरोप से पूंजी का सारा खेल शुरू हुआ था, वहां इसकी गति अभी कैसी है!

  • और इस्लाम के इरादतन फैलते जाने वाला आरोप, जो अभी हर जगह साझा हो चला है?

इस्लाम में बड़े स्तर के धार्मिक ढांचों की जो भीतरी समस्याएं हैं, पश्चिमी एशिया और उत्तरी अफ्रीका की जो राजनीतिक जटिलताएं हैं, उन पर भी बातें होनी ही चाहिए, हो भी रही हैं, लेकिन उनमें से ज्यादातर का संदर्भ हमारी मौजूदा बातचीत से बहुत अलग है। मध्य-पूर्व के मुस्लिम बहुल समाजों और यूरोप-अमेरिका के पश्चिमी मुल्कों के आपसी रिश्तों की चर्चा में ज्यादा पीछे जाने के बजाय मैं सिर्फ उन्हीं बातों का जिक्र करता हूं, जो अपनी पंद्रह-सोलह साल की उम्र में नियमित अखबार पढ़ना शुरू करने के साथ रोज-ब-रोज सिलसिलेवार मेरी खुद की पढ़ी हुई हैं।

पहली धमाकेदार अंतरराष्ट्रीय घटना मेरे लिए ईरान की इस्लामी क्रांति ही (1978-79) थी, आगे जनमत  में काम शुरू करने के बाद वहां अपना पहला लेख मैंने इस लड़ाई के खात्मे पर लिखा था।। खैर, इस्लामी क्रांति के थोड़े ही समय बाद ईरान की इराक से लड़ाई शुरू हो गई जिसमें अरब मुल्कों के अलावा अमेरिका का रुख भी इराकी शासक सद्दाम हुसैन के समर्थक जैसा लगता था। दुनिया तब रूसी (सोवियत संघ) और अमेरिकी खेमों में बंटी हुई थी। ईरान-इराक युद्ध के समानांतर जल्द ही अफगानिस्तान में इन दोनों खेमों के बीच लड़ाई लग गई। रूसी फौजें अफगानिस्तान सरकार के साथ थीं जबकि अमेरिका समेत सारे नाटो देश और सऊदी अरब के नेतृत्व में सारे सुन्नी मुस्लिम मुल्क अफगान मुजाहिदीन को हर संभव सहायता दे रहे थे।

भारत के लिए यह हल्ला हर तरह से नुकसानदेह था, लेकिन मिखाइल गोर्बाचेव ने जब रूसी फौजों को अफगानिस्तान से बाहर निकाला तो वहां के शासक नजीबुल्ला ने भारत से 100 करोड़ रुपये की मदद मांगी। उनका कहना था कि इतने भर से वे अपने यहां तालिबान की कमर तोड़ देंगे। लेकिन धारा पलटते देख भारत इससे मुकर गया। अफगानिस्तान और पाकिस्तान में मौजूद सुन्नी इस्लाम के सबसे कट्टरपंथी तत्व अगले दस साल दुनिया के बेताज बादशाह की तरह घूमते रहे। यह दौर भारत में कश्मीर समस्या के क्षेत्रीय से इस्लामी रंग लेने का था। पंजाब में खालिस्तान मूवमेंट को भी इसकी बैकिंग बताई जाती थी, पर वह अलग कहानी है।

इस समीकरण में पहला घोषित बदलाव बीसवीं सदी के आखिरी साल सन 2000 में दिखा, जब अफगानी तालिबान को संरक्षण दे रहे कट्टरपंथी इस्लामी संगठन अलकायदा ने अदन की खाड़ी में रिफ्यूलिंग कर रहे अमेरिका के एक जंगी जहाज पर आतंकी हमला करके कई अमेरिकी फौजी मार दिए और कोल नाम के इस जहाज को भी वहां से खींचकर सीधे कबाड़ में ले जाया गया। अमेरिकियों को खुन्नस इस बात की थी कि इस संगठन पर उन्होंने बहुत सारी पूंजी लगाई थी। जवाब में उन्होंने अफगानिस्तान पर दो मिसाइलें दागीं और अलकायदा ने 9/11 कर डाला।

वह दिन और आज का दिन, पश्चिम के सियासी मुहावरे में इस्लाम की जगह शैतानी ताकतों जैसी बन गई है। रूमी जैसे दार्शनिक, अल बिरूनी जैसे बहुशास्त्रीय विद्वान, अल ख्वारिज्मी जैसे गणितज्ञ, मुल्ला नसरुद्दीन जैसे मसखरे और मिर्जा ग़ालिब जैसे शायर का क्या कहें, कबीर जैसे धर्मोपरि व्यक्ति के लिए भी उनके रणनीतिक नजरिये में कोई जगह नहीं रह गई है। उनके राजनेताओं को हर जगह सिर्फ मुसलमान दिखाई देता है। भारत के सांप्रदायिक दक्षिणपंथ के लिए तो यह मुंहमांगी मुराद हासिल होने जैसा है, जिसका भरपूर फायदा वह उठा रहा है।

  • यूरोप में 2027 के चुनावों की पृष्ठभूमि में दक्षिणपंथी राजनीति के बेहतर प्रदर्शन की संभावना पर चर्चा हो रही है। बेरोजगारी, महंगाई और असमानता जैसे सवाल कई बार धर्म, राष्ट्रवाद और पहचान के विमर्श के पीछे चले जाते हैं। मेरे लिए यह अबूझ सी पहेली ही बनी रहती है कि आखिर यह रूपांतरण होता कैसे है? क्या लोग अपनी आर्थिक तकलीफों के कारण दक्षिणपंथ की ओर जाते हैं, या कोई राजनीतिक-सांस्कृतिक प्रक्रिया उन्हें अपनी तकलीफों को एक खास नजरिए से देखने के लिए तैयार करती है और उसी से नाभिनाल-बद्ध तरीके से जुडी कोई ऐसी प्रक्रिया भी है, जो उनकी आँखों में पर्दा डालती है और जाले बनाती है?

ये सारे ही बहुत कठिन सवाल हैं। बहुत धैर्य के साथ कई पहलुओं को अलग-अलग सुलझाकर समझने की मांग करते हैं, और इनके जवाब देने वाली देश-दुनिया की कोई कन्विंसिंग किताब भी आज तक मेरे पढ़ने-सुनने में नहीं आई है। मेरे ख्याल से, उलझे हुए धागे सुलझाने की शुरुआत राजनीतिक विचारधाराओं से ही की जानी चाहिए। हालांकि यूरोप में मामला एंटी-इनकंबेंसी का ज्यादा है। कहीं दक्षिणपंथी सरकार जा रही है तो उदारवादी सरकार आ रही है तो कहीं इसका उल्टा भी हो रहा है। लेकिन समाजों की दिशा कुल मिलाकर दक्षिणपंथी है।

यूं भी, उदारवादी और दक्षिणपंथी का द्वैत बीच में बहुत सारा झोल छोड़ देता है। यूरोप-अमेरिका में लिबरल मिजाज की पार्टियों का और भारत में कुछ साल पहले तक कांग्रेस का शासन भी हमने देखा है। आप कमजोर तबकों की मदद करने, उन्हें मजबूत बनाने का वादा करके सत्ता में आते हैं, लेकिन जल्द ही आपकी प्राथमिकताएं सत्ता की शर्तों से तय होने लगती हैं। इसमें कुछ भूमिका आपके अवसरवाद की भी होती है, लेकिन उससे कहीं ज्यादा बड़ा खेल उस घोर विषमतापूर्ण आर्थिक ढांचे का होता है, जहां सब कुछ भूलकर सुपर-रिच तबकों के फायदे के लिए काम करना किसी भी सत्तारूढ़ दल के लिए गुरुत्वाकर्षण की तरह स्वाभाविक हो जाता है।

ऐसे में सरकार बदलने के सिवा लोगों के पास चारा ही क्या बचता है? सत्ता से विदा होने के दो साल पहले से ही मनमोहन सिंह अपनी गर्दन पर नरेंद्र मोदी की सांसें गिरती महसूस कर रहे थे, जबकि बराक ओबामा के पीछे-पीछे डॉनल्ड ट्रंप चले आए। कई वजहें इसकी तह में होंगी लेकिन एक बड़ा तबका अपनी प्रतिबद्धता इसलिए बदलता है क्योंकि दोनों धाराओं के बीच की विभाजक रेखा कुछ बुनियादी मामलों में लगभग मिट चुकी है। यह कोई वास्तविक विभाजन है, यह अनुभूति तभी दृढ़ होगी, जब लिबरल खेमे के नेता आर्थिक मुद्दों पर कुछ रीढ़ दिखाएंगे। जैसे अमेरिका में बर्नी सैंडर्स ने दिखाई है। इस उठापटक में दक्षिणपंथ के लिए स्थितियां थोड़ी बेहतर इसलिए हैं क्योंकि उसका कल्चरल एजेंडा पूंजी की प्राथमिकता बदले बगैर भी चलता रहता है।

रही बात इस एजेंडे से जुड़ी धार्मिक और सभ्यतागत पहचानों की तो अमेरिकी स्ट्रैटेजिस्ट सैम्युअल हंटिंगटन और गुप्तचर सेवा से जुड़े बौद्धिक फ्रांसिस फुकुयामा की नब्बे के दशक में साथ-साथ आई दो प्रस्थापनाएं ध्यान में आती हैं- ‘क्लैश ऑफ सिविलाइजेशंस’ और ‘एंड ऑफ हिस्ट्री’। सोवियत संघ के पतन और शीतयुद्ध की औपचारिक समाप्ति के तुरंत बाद छूटे इन दोनों सुर्रों का अघोषित उद्देश्य आगे की ग्लोबल कूटनीति का एक नया मुहावरा पेश करना था।

फुकुयामा का कहना था कि बीसवीं सदी में समाजवाद और पूंजीवाद की विचारधाराओं के बीच के टकराव ने गुजरते इतिहास की समझ का एक ढांचा खड़ा कर रखा था। सोवियत संघ की समाप्ति के साथ ही यह टकराव अचानक खत्म हो जाने के बाद दुनिया को नए सिरे से समझना सभी के लिए जरूरी हो जाएगा, क्योंकि पुराने संदर्भ अर्थहीन हो चुके हैं। इस खालीपन में आगे के टकरावों का स्वरूप वैचारिक न होकर सभ्यतागत होगा- ऐसा हंटिंगटन का कहना था।

उनके मुताबिक सभ्यताएं दुनिया में अब तीन ही बची हैं। एक, पश्चिमी आधुनिक सभ्यता जो उदार पूंजीवाद और संसदीय लोकतंत्र से पहचानी जाती है। दूसरी इस्लामी सभ्यता, जो कुरान और हदीस को अपना प्रस्थान-बिंदु मानते हुए अक्सर पीछे की ओर ही देखती है। और तीसरी कन्फ्यूशियन सभ्यता (चीन, ज्यादातर दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश और पश्चिमी सभ्यता से जुड़ाव में कोई चूक हो जाने पर दोनों कोरियाओं के अलावा जापान भी), जहां विचारों की बहुलता के सम्मान और सबकी राय लेने से कहीं ज्यादा तवज्जो अनुशासन और हायरार्की को दी जाती है।

इन दोनों प्रस्थापनाओं में कितना दम है, इस खोजबीन को अभी एक तरफ रखकर बस इतना देखें कि समाजवादी विकल्प की गैर-मौजूदगी ने इस छोटी सी अवधि में ही दुनिया को कहां ला खड़ा किया है। सोवियत संघ के पतन के बाद किसी चीनी चिंतक ने कहा था कि इतिहास में पीछे जाने की यह प्रक्रिया 1917 की रूसी समाजवादी क्रांति और उसकी विचारधारा को निशाना बनाकर ही शांत नहीं होगी। इस बिंदु से आगे बढ़ती हुई (बल्कि पीछे लौटती हुई) इसकी धमक फ्रांस में 1789 में हुई गणतांत्रिक (रिपब्लिकन) क्रांति और उसकी विचारधारा पर भी पड़ेगी। यानी लोकतंत्र के उदय के बाद कालातीत मान ली गई विचारधाराएं- राजतंत्र, धर्मतंत्र या फौजी प्रभुत्व वाली अन्य निरंकुश, अलोकतांत्रिक सत्ताएं भी वापसी के लिए जोर मारेंगी।

यह पुरानी बात हुई, बहुत लोगों को शायद याद भी नहीं होगी, लेकिन हाल में अमेरिका में ‘नो किंग्स!’ नारे के साथ प्रदर्शन हुए तो मुझे इसकी बेसाख्ता याद आई। हमें याद रखना चाहिए कि इतिहास का एकतरफा प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए पॉलिटिकल वॉल्व जैसी किसी चीज का आविष्कार न तो अभी हो सका है, न आगे कभी हो सकेगा। पुराने विचार नई शक्लों में वापस लौट आते हैं। तेज तकनीकी बदलाव वाले घोर विषम समाजों में भय और असुरक्षा का जोर बढ़ रहा है, जो खराब विकल्पों के ईंधन जैसा है। लोकतंत्र के भुलावे में एक व्यक्ति का सर्वशक्तिमान हो जाना 1930 के दशक के जर्मनी और इटली तक ही सीमित नहीं था। अभी हमें रूस में पूतिन और तुर्किए में अर्दोगान जैसे लोग दिखाई दे रहे हैं। आगे शायद और भी मूर्तियां ऐसी दिखें। धर्म के नाम पर जनसंहार के खतरों का अध्ययन करने वाले संगठन भारत को लेकर भी चिंतित हैं।

  • क्या असुरक्षा की राजनीति का सबसे बड़ा कौशल यही है कि वह लोगों के वास्तविक असंतोष को एक ऐसी दिशा दे देती है, जहाँ उनके आक्रोश का निशाना ही बदल जाता है? इस कौशल का क्या कोई एंटीडोट नहीं बनाया जा सकता? प्रगतिशील राजनीति आखिर अपने को इंटेलेक्चुअली एनविगोरेट क्यों नहीं कर पाती है, क्यों नहीं अपने आपको यह नवीकृत कर सकती है?

बहुसंख्यकों को अल्पसंख्यकों से खतरा है, ऐसा दावा सौ साल पहले तक हास्यास्पद ही समझा जाता। लेकिन असुरक्षा की राजनीति का आधार हर जगह ऐसे दावे ही बनते हैं। हिटलर ने जर्मनी में ऐसा दावा किया था तो इसके लिए जर्मनी के अलावा बाकी यूरोप में भी यहूदियों की दौलत और उनकी कूटनीतिक सामर्थ्य की ओर इशारा किया था। अभी इस तरह के दावों का आधार अलकायदा और आइसिस की भय पैदा करने वाली गतिविधियां और उन्हें अपना प्रेरणास्रोत मानने वाले संगठनों की आतंकी कार्रवाइयां हैं। कुछ गैर-मुस्लिमों की निर्मम हत्या से ये संगठन चर्चा में आए लेकिन बर्बाद मुसलमानों को ही किया। ऐसे ज्यादातर संगठनों की कमर आज टूट चुकी है, फिर भी उदार धाराओं को हर पल इन पर कड़ी नजर रखनी चाहिए।

पिछले ढाई दशकों में कई बार ऐसा लगा है कि असुरक्षा की राजनीति करने वाली धाराओं को दूसरी तरफ से लगातार इतना सारा नया मसाला मिलता जा रहा है कि इनका कोई एंटीडोट नहीं बनाया जा सकता। लेकिन जैसे 2004 में यह भारत में अचानक बन गया, उसी तरह आगे भी बन सकता है। हालांकि तब की तुलना में आज ये बहुत शक्तिशाली और धनवान हो गए हैं।

प्रगतिशील शक्तियों द्वारा खुद को पुनर्जीवित करने की बात टेढ़ी है। उनको नए सिरे अपनी धुरी बनानी है। लेकिन अभी के लिए यह केंद्रीय प्रश्न नहीं है। अभी का केंद्रीय प्रश्न एक ऐसी पीढ़ी को संबोधित करने का है, जिसने राजनीति के नाम पर सिर्फ झूठ, छल-छद्म और जरखरीद मीडिया द्वारा आत्मप्रचार देखा है। विपक्ष उसके लिए एक अनजानी चिड़िया है। न अच्छी, न बुरी। एक ऐसी चीज, जिससे वह लगभग अपरिचित है। इस पीढ़ी को भी धुप्पल में रखने की कोशिशें जारी हैं। सत्तापक्ष यह काम धड़ल्ले से कर रहा है और उसके खेल में उससे जूझने का कोई अर्थ नहीं है। जाहिर है, आज का सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विपक्ष पहली या दूसरी बार वोट देने जा रहे वोटरों को जॉम्बी बनने की नियति से निकालकर उनमें नागरिक बोध पैदा कर सकेगा?

  • आपके राजनीतिक अनुभवों को ध्यान में रखते हुए एक बात और जानना चाहूँगा। वामपंथी राजनीति से जुड़ने पर समाज को देखने की एक वैचारिक दृष्टि मिलती है- वर्ग, शोषण, असमानता और परिवर्तन की आकांक्षा को समझने की दृष्टि। लेकिन जमीन पर समाज अक्सर विचारधारा की अपेक्षा जटिल निकलता है। बहुत अधिक जटिल…वह विचारधारा की परवाह ही नहीं करता हुआ नज़र आता है। विचार और सामाजिक यथार्थ के बीच जो यह डिस्जॉइंट या टकराव बनता है, उसका केंद्र कहाँ होता है?

उन्नीसवीं सदी के क्लैसिकल जर्मन कवि गोएठे की एक पंक्ति पता नहीं क्यों 1992 में सोवियत संघ के पतन के बाद कम्युनिस्ट दायरों में अचानक चर्चा में आ गई थी। ‘ऑल थियरी, डियर फ्रेंड, इज़ ग्रे, बट द गोल्डेन ट्री ऑफ लाइफ स्प्रिंग्स एवर ग्रीन।’ (सिद्धांत सब का सब भूरा ही होता है मेरे दोस्त, लेकिन जीवन का वृक्ष हमेशा हरा-भरा रहता है।) बड़ी शिद्दत से हम इसे दोहराते थे। जैसे बाकी सिद्धांतों की तरह हर चीज को स्याह-सफेद में अलगा कर देखने वाला हमारा अपना मार्क्सवाद भी भले ही व्यवहार में उतना सटीक न साबित हुआ हो, लेकिन चहल-पहल भरा जीवन अब भी हमारी आंखों के सामने है, सो अपनी मूल प्रस्थापनाओं के साथ आगे बढ़ने के लिए हम या तो कोई नया रास्ता खोज लेंगे, या इसको ही बेहतर बना लेंगे। कहना होगा कि तब से अब तक दुनिया में कहीं भी सिद्धांत के स्तर पर तो कुछ खास नहीं हो पाया है।

वाम विचारधारा का एक पहलू चीजों की वस्तुगत समझ का है, जिस पर कुछ बातें पीछे टॉमस पिकेटी की रोशनी में कही जा चुकी हैं। समाज का वर्गों में बंटा होना (नीचे सब कुछ धुंधला हो तो भी ऊपर अरबपतियों का एक क्लास तो समझ में आता ही है, जिसमें नए लोगों की एंट्री किसी अद्भुत संयोग से ही हो पाती है), पूंजी का तीव्र संकेंद्रण, समाज के बड़े हिस्से का संसाधन और संपदा से वंचित होते जाना, बाजार के संकुचन से दसेक साल बाद मंदी का चक्र चलना, ये सब बातें पिकेटी के भी बहुत पहले से कई गंभीर पूंजीवादी बौद्धिक कहते आ रहे हैं।

पूंजीवाद के साथ अवश्यंभावी रूप से जुड़ी हुई ये बीमारियां समाज के आमूल-चूल बदलाव का, इतिहास की सबसे निर्णायक क्रांति का सबब बन सकती हैं, बननी चाहिए, बनके रहेंगी, बशर्ते इन्हें ऐसी शक्ल देने की सचेत कोशिश की जाए– यह आत्मगत पहलू, कार्यकर्ता का खुद को इतिहास की कारक शक्ति की तरह देखने वाला पहलू मार्क्सिस्ट थियरी की खास अपनी देन है।

मार्क्स का दार्शनिक निष्कर्ष था कि मानव सभ्यता की ज्यादातर बड़ी बुराइयों का मूल व्यक्तिगत संपत्ति है, जिसके समापन की पूर्वपीठिका पहली बार इतिहास के पूंजीवादी दौर में ही तैयार हो पाई है। लेनिन ने अपने दौर के साम्राज्यवाद को पूंजीवाद की चरम अवस्था बताते हुए कहा कि वैश्विक संसाधनों पर कब्जे के लिए लड़ रहे कॉरपोरेशन क्रांति को और स्वाभाविक बना रहे हैं।

सर्वहारा वर्ग को क्रांति की धुरी मानने वाला मार्क्सिस्ट राजनीतिक सूत्रीकरण पचास के दशक तक दुनिया भर की पूंजीवादी व्यवस्थाओं के लिए खौफ का सबब बना रहा। भारत समेत सभी नव-स्वतंत्र देशों में भी, जहां सामंती प्रणालियां प्रबल थीं और पूंजी का विकास अपनी प्रारंभिक अवस्था में ही था, इसका आकर्षण कम नहीं था। इस मामले में चीन की स्थिति बहुत पिछड़ी, यूं कहें कि भारत से भी कमजोर थी, लेकिन वहां किसानों को समाज की धुरी मानकर मार्क्सवादी नजरिये वाली क्रांति संपन्न हुई। इस ‘नवजनवादी क्रांति’ ने कम्युनिस्टों के बीच दो खेमे बना दिए।

1950 के दशक के मध्य में स्तालिन की मृत्यु और ख्रुश्चेव के आगमन के साथ इस बात पर मोहर लग गई कि दमनकारी ढंग की तानाशाही सिर्फ पूंजीवादी प्रचार नहीं थी। सोवियत संघ में क्रांति अपने बच्चों को खाने लगी थी। इससे विचारधारा की साख में बड़ा बट्टा लगा। इसके बावजूद प्रेरणा के लिए दुनिया में सबसे ज्यादा इधर ही देखा गया। क्यूबा की क्रांति तथा वियतनाम युद्ध के प्रभाव में भी सत्तर के दशक तक क्रांतिकारी सोच और मार्क्सवाद को बराबर समझा गया।

लेकिन भारत में यह समीकरण शुरू से ही थोड़ा बिगड़ा हुआ रहा। यहां सांस्कृतिक दायरे में और एकेडेमिया में मार्क्सवाद का दखल जितना मजबूत था, समाज में उसे लेकर उतने ही सवाल थे। जातिगत उत्पीड़न के प्रश्न को गंभीरता से संबोधित न करने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भारत के कम्युनिस्ट आंदोलन को ‘अ बंच ऑफ ब्राह्मिन बॉय्ज’ करार दिया था। उनकी ‘राइटिंग्स ऐंड स्पीचेज’ की सत्रहवीं जिल्द में यह उद्धरण मिलता है- ‘कम्युनिस्ट पार्टी मूलतः ब्राह्मण लड़कों- डांगे वगैरह- के हाथ में थी।…रूसी या तो भारत में कम्युनिज्म चाहते ही नहीं थे- सिर्फ अपना ढोल पीटने वाले लड़के चाहते थे- या फिर उन्होंने (भारत को) समझा ही नहीं।’

हिंदीभाषी क्षेत्रों में कम्युनिस्ट सोच-समझ को ज्यादा बड़ी चुनौती समाजवादियों की तरफ से मिली। लोहिया की बहुत तीखी बातें कम्युनिस्टों के खिलाफ उद्धृत की जाती हैं लेकिन लिखित रूप में वे कहीं नहीं मिलतीं। लेखों या छपे हुए भाषणों में उनका कम्युनिज्म विरोध हिंसा और सत्ता के अत्यधिक केंद्रीकरण को लेकर ही मिलता है। जाति से जुड़ी कम्युनिस्टों की नासमझी को निशाना बनाने में भी उनका रवैया आंबेडकर जैसा ही है, हालांकि इस मामले में दोनों की आपसी समझ एक जैसी नहीं है। आपस में नजदीकी बनाने की उनकी अकेली कोशिश 1953-54 में सिरे नहीं चढ़ पाई थी। कारण बना जमीन के राष्ट्रीयकरण वाला डॉ. आंबेडकर का प्रस्ताव और कोरिया युद्ध को लेकर उनकी प्रो-अमेरिका दृष्टि। लोहिया दोनों पर राजी नहीं थे।

मार्क्सवादी नजरिये के सामने असल चुनौतियां 1990 के दशक की शुरुआत में सोवियत संघ के पराभव के बाद ही आनी शुरू हुईं। भारत में यही दौर समय के आश्चर्यजनक साम्य की तरह राम मंदिर आंदोलन, मंडल कमीशन की अनुशंसाओं और बहुजन विचारधारा के उदय का भी था।

राजनीतिक रूप से मार्क्सवादी धारा भारत की सत्ता पर दावा ठोकने की स्थिति में कभी नहीं थी। दो-तीन राज्यों में उसकी सरकारें बनती-बिगड़ती थीं, ट्रेड यूनियनों और अन्य जनसंगठनों के बल पर सड़कों का दखल बना रहता था और अति-वाम कहलाने वाली धाराओं की ख्याति सामंतवाद विरोधी संघर्षों के लिए थी। सोवियत संघ के पतन के बाद भारत में कम्युनिस्टों की राजनीतिक दावेदारी कम नहीं हुई। एक कम्युनिस्ट राजनेता ज्योति बसु का नाम 1996 में संयुक्त सरकार के संभावित प्रधानमंत्री के रूप में उभरा और 2004 में अपना सर्वश्रेष्ठ संसदीय प्रदर्शन करते हुए वामपंथी भारत की तीसरे नंबर की राजनीतिक शक्ति बन गए। लेकिन विचार के स्तर पर जो चुनौती उन्हें पहचान की विचारधाराओं की ओर से मिली थी, वह उनके एजेंडे पर न आ सकी।

भारत की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था का स्वरूप बहिष्कारवादी है। ‘हिंदू की जात, जात में जात, जैसे केले का पात, पात में पात।’ डॉ. आंबेडकर ने इसे ब्राह्मणवादी व्यवस्था कहा और इसकी विशिष्टता यह बताई कि इसमें दो व्यक्ति सिद्धांत रूप में भी समान नहीं हो सकते। उनके बीच वर्ण-जाति के आधार पर, लिंग के आधार पर या आयु के आधार पर, भरसक इन सारे ही आधारों पर ऊंच-नीच, बड़े-छोटे का ही रिश्ता होता है। ऐसे में समानता का विचार कितना भी चमकीला हो, जमीन पर उतरने के बाद यहां हवा-हवाई ही बनकर रह जाता है और इसमें सुधार के काम भी हवा-हवाई ही होते हैं। कभी गले मिल लिए, कभी साथ में खाना खा लिया। काम तो जाति मिटाने के एक समग्र रेडिकल आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक एजेंडे पर ही होना चाहिए।

कम्युनिस्ट इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कर पा रहे। इसके लिए सिद्धांततः उनका वर्ग दृष्टिकोण जिम्मेदार हो सकता है, और व्यवहारतः ज्यादातर ऊंची जातियों से आया नेतृत्व भी। लेकिन जो विचारधाराएं शुरू से जाति व्यवस्था पर ही फोकस करती आई हैं, जाति-उन्मूलन जिनके एजेंडा पर पहले दिन से ही सबसे ऊपर रहा है, उनके नेतृत्व में भी अधिकतर लोग उन्हीं समुदायों से आते रहे हैं, उनकी रुचि इस काम में सबसे ज्यादा होनी चाहिए। लेकिन इस मामले में कोई ठोस कोशिश उनकी ओर से भी होती नजर नहीं आ रही है। इसके उलट, ऐसी धाराओं में ऊपर तक पहुंचे कुछ लोग कम्युनिस्टों की ले-दे करते हुए आराम से उग्र हिंदुत्व की सियासी धारा में समा जा रहे हैं और इन संगठनों-समुदायों की ओर से उन्हें कोई फजीहत भी नहीं झेलनी पड़ रही।

इस उलटबांसी के जो कारण मुझे समझ में आ रहे हैं, उनका सार-संक्षेप यही हो सकता है कि मुक्ति को लेकर अबतक की सबसे सफल, सबसे बड़े दायरे की विचारधारा– मार्क्सवाद– की समझ लोगों की आम जरूरतों पर आधारित रही है। रोजी-रोटी, कपड़ा-लत्ता, रहने का ठिकाना, पढ़ाई, चिकित्सा, सम्मान… लेकिन समय के साथ एक जो नया सवाल ऐस्पिरेशन (आकांक्षा) का जुड़ता गया है, वह मार्क्सिस्ट थियरी के लिए ही नहीं, बाकी समतावादी धाराओं के लिए भी काफी टेढ़ा साबित हुआ है। दोनों बातें ऊपर से देखने में एक-दूसरे से ज्यादा दूर नहीं लगतीं।

किसी कमजोर, उत्पीड़ित बिरादरी की खुशहाली, उसकी बस्तियां साफ-सुथरी रहने, उसके ज्यादातर लोगों के पास कोई उत्पादन का साधन होने और बच्चों के ऊंची पढ़ाई करने, इज्जत से अपनी जीविका कमाने से आंकी जानी चाहिए, या उसके बीच से गिनती के लोगों को विधायकी का टिकट मिलने, उनके बीच के किसी महापुरुष के नाम से किसी सड़क का नामकरण करने या रेलगाड़ी चलाने से? लोग कहते हैं, दोनों काम एक साथ क्यों नहीं हो सकते? उन्हें चराने वाले लोग कहते हैं कि जो अपने हाथ में होगा वह तुरंत हो जाएगा, बाकी भी देर-सबेर होता रहेगा।

जरूरत के बजाय आकांक्षा की यह राजनीति जमीन पर बीएसपी ने शुरू की थी, फिर बहुत आराम से बीजेपी इसको ले उड़ी। इसमें कम्युनिस्ट विचारधारा का अलग से कोई मामला नहीं है। राजनीति का रसायनशास्त्र ही बदल गया है। शुरू में आपने ‘पच्छूँ का घर’ की बात उठाई। आपने उसे पढ़ा है, आपको ध्यान होगा कि वह किताब निराशा में खत्म हुई है। ‘दुनिया को बाएं मोड़ना चाहते थे लेकिन यह तो दाएं ही दाएं झूलती गई, सीधा रखने के लिए भी कुछ न कर पाए, यही अपनी औकात है’- कुछ ऐसी बात के साथ। खैर, उस किताब को अभी एक तरफ रख दें तो सामाजिक यथार्थ की दृष्टि से जाति और धर्म मेरे लिए सबसे बड़ी पहेली साबित हुए हैं।

मेरा शुरुआती स्तर का राजनीतिकरण जिस समय हुआ था, उस समय मैं सोच भी नहीं सकता था कि अगले तीन-चार वर्षों में ही जाति और धर्म की राजनीति हमारे इर्द-गिर्द इतनी ज्यादा ताकतवर हो जाएगी। सामुदायिक पहचान एक उलझी हुई चीज है। उत्पीड़न और सत्ता की लूट-मार। जरूरत बनाम महत्वाकांक्षा। आधुनिकता का खौफ और स्वर्णयुग का सम्मोहन।

जातिगत और धार्मिक पहचानों के नाम पर जिन समुदायों को लगातार उत्पीड़न झेलना पड़ता रहा है, दलित और मुसलमान, उनके साथ खड़े होने के लिए और उनके बीच से साझा विचार वाले सक्रिय लोगों को अपने आंदोलन की अगली पांत में जगह देने के लिए वामपंथ को विचार के स्तर पर शायद ही किसी बड़े बदलाव की जरूरत हो। एक सच्चा वाम कार्यकर्ता अपनी सहज संवेदना से यहां तक पहुंच जाता है। समस्या इन समुदायों के संगठनों के स्तर पर आती है, जिनका नजरिया वाम आंदोलन के प्रति जब-तब बिना किसी ठोस वजह के भी शत्रुतापूर्ण होता है। शायद इसके पीछे उनके नेताओं में अपने जनाधार के पलट जाने का भय काम करता है।

बाबरी मस्जिद टूटने के बाद मध्यवर्ती जातियों के साथ कमजोर वर्गों की अभेद्य गोलबंदी को तोड़कर पिछले डेढ़ दशकों में बीजेपी ने जिस तरह उन्हें समायोजित किया है, उससे समस्या का अंदाजा होता है। पहचान के सवाल आत्मरक्षा से जुड़े होते हैं तो फैसला लेना मुश्किल नहीं होता। बात यहां से आगे जाती है तो केंद्र और राज्य की सरकारें संभालने वालों की चांदी हो जाती है। क्या आप मंत्री बना सकते हैं? जाति के पूर्वजों की मूर्तियां लगवा सकते हैं? उनके नाम से भवन बनवा सकते हैं? बिरादरी के गर्वबोध को बढ़ाने वाला कोई प्रतीकात्मक काम कर सकते हैं?

  • आपकी ये अन्तिम बातें कम स्पष्ट हैं और उससे ज्यादा न सुलझी हुई उलझन को व्यक्त करती हैं। लोगों को उनके अस्तित्व की चिंताओं से ठोस ढंग से जोड़ना इतना मुश्किल मान लिया जाएगा तो फिर किसी सामूहिक-राजनीतिक सक्रियता का प्रस्थान बिंदु भला कैसे तैयार होगा?

पीछे आपने वामपंथी राजनीति की समस्याओं के बारे में पूछा था। मेरा निवेदन है कि पिछले तीन दशकों में वैचारिक स्तर पर कम्युनिस्टों को ही नहीं, सोशलिस्ट धाराओं को भी आइडेंटिटी पॉलिटिक्स से टकराना पड़ा है। यही वह रीयल-पोलिटिक है, जिसमें सत्तारूढ़ हिंदुत्व विचारधारा भारत में सक्रिय सभी राजनीतिक विचारधाराओं से कहीं ज्यादा ताकतवर साबित हो रही है।

माले धारा से जुड़े छात्र-युवा संगठनों ने ‘जय भीम-लाल सलाम’ के नारे लगाना और परस्पर दूर-दूर के लगने वाले दो राजनीतिक आदर्शों डॉ. आंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें साथ लेकर संघर्षों में उतरना शुरू किया था तो कुछ वाम विचारकों ने भी इसपर आपत्ति की थी। लेकिन अभी सबको इसका औचित्य समझ में आने लगा है। यह अवसरवाद नहीं, भारत में क्रांति के दो जरूरी तत्वों को साथ लेकर चलना है। माले ने जमीन पर हक-अधिकार के अलावा इज्जत-आबरू की लड़ाइयां भी लड़ी हैं। इस सचाई को समझने में वह बाकी सबसे आगे रही।

अस्तित्व की चिंता से जुड़े सवालों पर आंदोलन होते रहते हैं। गुड़गांव में मारुति फैक्ट्री का आंदोलन, नोएडा में मजदूरों का इतना बड़ा संघर्ष, बैंककर्मियों की हड़तालें– सब चलता रहता है, लेकिन समाज उन पर ठिठकने को भी राजी नहीं है। हिंदुत्व बीजेपी का ब्रांड है, जिसका मुकाबला लोग कर रहे हैं, लेकिन यह धारा जिस औजार से शिकार करती है, उसी से हांका नहीं लगाती। शिकार के औजार से मुकाबले की रणनीति आप बना सकते हैं, लेकिन हांके के औजार की भी अनदेखी न करें। यह औजार उत्पीड़ित जातियों के महत्वाकांक्षी राजनेताओं को लेकर बनाया गया है और ये बातें मैं सामूहिक राजनीतिक सक्रियता की चिंता के तहत ही कह रहा हूं।

  • भारत क्या, दुनिया में हर जगह किसी आंदोलन के उभरते ही उसकी स्वाभाविकता पर सवाल उठने लगते हैं- कभी विदेशी हस्तक्षेप, कभी किसी दल की साजिश और कभी किसी अदृश्य संगठन की भूमिका खोजी जाती है। निश्चित ही आंदोलनों का राजनीतिक इस्तेमाल भी खूब होता है, लेकिन क्या हर जन उभार को किसी पर्दे के पीछे बैठे संचालक से समझने की कोशिश समाज के भीतर जमा वास्तविक असंतोष को देखने में बाधा बनती है?

आंदोलनों को किसी साजिश का नतीजा बताने वाले दो तरह के लोग होते हैं। एक तो लाल बुझक्कड़ टाइप लोग, जो ऐसा करके खुद को ज्यादा अक्लमंद साबित करना चाहते हैं, या इसी को अपनी कमाई का जरिया बना लेते हैं। ऐसे लोगों पर अभी एक भी शब्द खर्च करने की जरूरत नहीं है। हर आंदोलन के पीछे विदेशी हाथ देखने या किसी संदिग्ध संगठन की ओर से कठपुतली चलाए जाने की बातें सबसे ज्यादा या तो सरकार करती है, या सरकार की दी हुई रोटी खाने वाले मीडिया ऑर्गेनाइजेशन। इसके पीछे उनका सीधा मकसद असल मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने का हुआ करता है। वे तो यह मानने को ही तैयार नहीं होते कि जनता में किसी तरह का असंतोष है, फिर यह कैसे मान लेंगे कि असंतोष ने आंदोलन का रूप ले लिया है?

एक स्थिति इन दोनों के बीच की भी होती है, जिसके बारे में आंदोलनकारियों को सबसे ज्यादा सावधान रहना चाहिए। वह यह कि आंदोलन शुरू तो वाजिब मुद्दों पर हो, उसके नेता भी कुछ दूर तक इसमें जेनुइन ढंग से लगे हुए हों, लेकिन किसी मोड़ पर आकर साफ पलट जाएं। जैसे, 2011 में चला लोकपाल आंदोलन फुस्स भले न हुआ हो, लेकिन अंततः एक जटिल नतीजे की ओर गया। आंदोलन के दौरान इसके नेताओं ने किसी दलीय राजनेता को मंच पर नहीं आने दिया और अपने आखिरी मुकाम तक आते-आते यह अपने उठाए हुए कई बिंदुओं पर यूपीए सरकार को झुकाने में भी कामयाब रहा। ऐसा लगता था कि इनपर अमल हो गया तो सरकारों पर पारदर्शी होने का दबाव बनाया जा सकेगा और लोगों को भ्रष्टाचार से कुछ राहत भी मिलेगी।

फिर इसके दो साल के अंदर लोकपाल आंदोलन से जुड़ी शक्तियों में एक बड़ा विभाजन दिखाई पड़ा। इसके ज्यादातर बड़े चेहरे भाजपा के करीब गए, जबकि कुछ ने आम आदमी पार्टी के नाम से एक अलग पार्टी बना ली। यहां पहुंचकर दो तरह के लोगों ने कहना शुरू किया कि यह पूरा आंदोलन आरएसएस का चलाया हुआ था, और यह भी कि यह बात वे न केवल शुरू से ही जानते थे, बल्कि अपने दायरे में इसे कहते भी आ रहे थे। ऐसे ज्ञानियों में एक धड़ा अपनी अटकल का आधार अरविंद केजरीवाल के आरक्षण विरोधी रुख को बताता था, दूसरा आंदोलन में संघी तत्वों की मौजूदगी को, और तीसरा अन्ना हजारे के अनशन से जुड़े पुराने अनुभवों को।

निजी तौर पर मेरी सहानुभूति इस आंदोलन के साथ थी और बिना किसी घोषणा के मैंने अपने नैतिक समर्थन की तरह इसमें एक दिन का उपवास भी रखा था। साजिशों के बारे में तमाम बातें सुनने के बावजूद आंदोलन में शामिल होना मुझे अपनी नैतिक जिम्मेदारी लगती थी। लेकिन इसकी जो राजनीतिक परिणति मुझे दिखी, उससे बहुत अफसोस हुआ। जनरल वीके सिंह, किरण बेदी और बाद में शाजिया इल्मी के अलावा कुछ और लोग भी बीजेपी में चले गए, वहां कुछ पद-प्रतिष्ठा प्राप्त की और फिर लोकपाल का नाम भी भूल गए। यह बात समझ में आती है।

लेकिन आम आदमी पार्टी ने भी इसका जिक्र करना क्यों छोड़ दिया, यह मुझे बिल्कुल समझ में नहीं आता। अब, नेताओं की इस कलाबाजी को देखकर क्या मैं मान लूं कि पूरा आंदोलन संघ का खेल था और उससे मेरी सहानुभूति बेवकूफी थी? माफ करें, यह तो मुझसे नहीं हो पाएगा।

शायद उस तजुर्बे को ही ध्यान में रखते हुए इधर कुछ समय से मेरे एक-दो मित्रगण लगातार ऐसा कह रहे हैं कि यह काक्रोच जनता पार्टी भी संघ या आम आदमी पार्टी का एक गेम भर है, इससे ज्यादा कोई तत्व इसमें नहीं है। मैं उनके संदेह को खारिज नहीं करता, लेकिन उनकी राय से खुद को राजी भी नहीं कर पाता। हर एक दल, हर एक राजनेता को संदेह से देखना एक तार्किक व्यक्ति के लिए जरूरी है, लेकिन वह राजनेता या संगठन अगर न्यायसंगत मुद्दे पर कोई आंदोलन खड़ा करता है तो उसके साथ अनन्य प्रतिबद्धता भी उतनी ही जरूरी है। इसके लिए मन में कोई जगह न रखना खुद को सत्ता के सामने भुनभुन करने तक सिमटा देने जैसा होगा।

लोकपाल आंदोलन से कोई सबक लिया जा सकता है तो यही कि अपनी स्वतंत्र पहचान और विचारधारा के साथ आंदोलनों में शामिल हुआ जाए। कोई नया-नया बना संगठन भी उसकी बीज भूमिका में है तो उसको किसी भी बिंदु पर बाकी सबको किनारे न करने दिया जाए और कहीं पहुंचकर वह खेल करता हुआ दिखे तो रास्ते अलग कर लिए जाएं। आइसा और अन्य वामपंथी छात्र संगठनों ने कॉक्रोच आंदोलन से जुड़ाव का अभी यही तरीका अपना रखा है, जो ठीक है।

ठीक बात है। किसी सामाजिक गतिकी को स्वस्थ और खुले मन से देख पाना अपने वर्तमान का सम्मान है जो हमें करना ही चाहिए। किसी भी समाज को और विशेषकर भारतीय मानस को किसी होमोजीनस, मोनोलिथिक और स्थिर इकाई की तरह समझना गलत है।

आंदोलनों के इतिहास में एक मुश्किल सवाल हमेशा रहा है- जिस व्यवस्था को बदलने के लिए राजनीति शुरू की जाती है, धीरे-धीरे वही व्यवस्था राजनीति को अपने अनुकूल ढाल लेती है। मैं मानता हूँ कि किसी आंदोलन की शुरुआती आकांक्षाएं उसकी बाद की राजनीतिक परिणतियों से मेल नहीं खातीं, अक्सर नहीं खाती… तो उसे विफलता नहीं मानना चाहिए, बल्कि उससे जन्मी सामाजिक-राजनीतिक चेतना को भी उसके मूल्यांकन का एक पैमाना मानना चाहिए।

बहुत बहुत धन्यवाद! फिर की जाएगी बात…


Leave a Comment