1967 में राही मासूम रज़ा ने धर्मयुग के दो अंकों के लिए क्रमशः अनीस के मरसिये और तुलसीदास की रामचरितमानस पर लेख लिखे थे। धर्मयुग के आगामी अंकों में आई चिट्ठियों के साथ ये लेख हमें अथक शोधार्थी मनोज मोहन ने इस अनुरोध के साथ उपलब्ध कराए हैं कि राही के जन्मशती वर्ष में नया पथ को यह सामग्री पुनर्प्रकाशित करनी चाहिए। हम उनके आभारी हैं। धर्मयुग में जो संपादकीय आमुख छपा था, वह भी हम दे रहे हैं क्योंकि बाद में आई एक चिट्ठी में उसका भी संदर्भ है।

अनीस के मरसिये
अवध में एक प्रबन्धकार हुए तुलसी और आगे चलकर दूसरे प्रबन्धकार हुए अनीस! अपने मौलिक और प्रखर चिन्तन के लिए चर्चित समीक्षक डॉ. राही मासूम रज़ा ने एक ओर अनीस के मरसियों का अध्ययन किया है तो दूसरी ओर तुलसी के रामचरित मानस का। वे जिन निष्कर्षों पर पहुँचे हैं, उनसे आप सहमत हों या असहमत, पर उन पर विचार करने के लिए आप बाध्य होंगे। इस अंक में मीर अनीस के मरसियों पर एक दृष्टि, अगले अंक में गोस्वामी तुलसीदास के रामचरित मानस की पृष्ठभूमि का विवेचन:
साहित्य राजनीतिक नहीं होता। साहित्यकार किसी विचारधारा का ढिंढोरची भी नहीं होता। परन्तु हर साहित्य का एक सामाजिक आधार होता है। यदि साहित्य का राजनीतिक और सामाजिक आधार न हो, तो वह साहित्य नहीं रह जाता। यह बात मैं चौंकाने के लिए नहीं कह रहा हूँ। बल्कि इसलिए कह रहा हूँ कि राजनीति वस्त्र नहीं है कि मैला हो जाये तो बदल लिया जाये या फट जाये तो नया बना लिया जाये। वस्तुतः राजनीति भी समाज का एक अंग है। वह समाज से नहीं है। वह समाज में है। और चूंकि साहित्यकार समाज से बाहर नहीं जा सकता, इसलिए किसी राजनीतिक विचारधारा को न मानते हुए भी वह राजनीति से कतरा कर नहीं गुज़र सकता। इसलिए साहित्य के ताने-बाने में भी राजनीति की डोर खपी हुई है। इसीलिए वह साहित्य हो ही नहीं सकता, जिसका राजनीतिक आधार न हो।
साहित्य चूँकि शब्दों को प्रतीक बनाकर उनका प्रयोग करता है, इसलिए मैं वहीं से बात शुरू करना चाहता हूँ। मैं यह कहने की अनुमति चाहता हूँ कि साहित्य की भाषा तो एक तरफ़ रही, हमारी बोलचाल की भाषा पर भी वातावरण और समाज की गहरी छाप होती है। यदि हम अपने मुहावरों पर से बोलचाल की धूल झाड़ कर देखें, तो हम उन पर समाज की उँगलियों के निशान देख सकते हैं। परन्तु हम लोग इस प्रकार के काम करते ही नहीं। शायद हमें अपने समाज, उसकी बनावट और उसकी कहानियों में कोई दिलचस्पी ही नहीं है। हमने समाज से शब्द माँगना छोड़ दिया है। हम यह समझने लगे हैं कि शब्दकोश काफ़ी है। और चूँकि शब्दकोश नागरिक हैं और ग्रामवासी नहीं हैं इसलिए अपने समाज की पूरी हक़ीक़त हमारे हाथ नहीं आती और हम अधूरी हक़ीक़तों को इलियट के हवाले से पूरा करने की कोशिश करते रहते हैं।
हर मुहावरा एक सामाजिक दस्तावेज़ है और इन दस्तावेज़ों पर हमारे पुरखों की मुहर लगी हुई है। मिसाल के तौर पर एक मुहावरा है, ‘बेटी देना’। यह मुहावरा अब भी टकसाल से बाहर नहीं हुआ है। यह मुहावरा हमारे आधुनिक समाज में नहीं बन सकता था। आज बेटियाँ ज़ायदाद का हिस्सा नहीं हैं! यूँ ही ‘शर्म से ज़मीन में गड़ जाने’ को लीजिए। जिस देश में कोई सीता ज़मीन में समा गयी होगी, वहीं यह मुहावरा बन सकता था। यानी इन मुहावरों में हमारे समाज का इतिहास है। यही हाल हर शब्द का है। साहित्य इन्हीं शब्दों को प्रतीक बना लेता है।
सामाजिक आधार का प्रश्न
यह भूमिका एक हद तक ज़रूरी थी, क्योंकि अगर मैं प्रेमचन्द या कृष्णचन्दर को अपना गवाह बताऊँगा तो आप राजनीतिक चेतना और राष्ट्रीय आन्दोलन वगैरह की बात निकाल कर मेरा मुँह बन्द कर देंगे। इसलिए मैं आधुनिक साहित्य की बात ही नहीं करना चाहता। क्योंकि मैंने कई पढ़े-लिखे लोगों को यह कहते सुना है कि साहब शेक्सपियर किस पार्टी का सदस्य था? इसलिए मैं अवध के तुलसीदास, पूरबी के कबीर और उर्दू के अनीस वगैरह को अपना गवाह बनाकर पेश करना चाहता हूँ। कबीर की गवाही भी कुछ हल्की पड़ेगी। इसलिए इस वक़्त मैं तुलसीदास और मीर अनीस की बात करना चाहता हूँ। इनकी गवाही ज़्यादा महत्त्वपूर्ण इसलिए है कि इन दोनों कवियों ने एक धार्मिक कहानी सुनायी है। और ये दोनों ही बड़ी हद तक धार्मिक कवि माने जाते हैं। एक के दम से कीर्तनों में उजाला है और दूसरे के दम से मुहर्रम की मजलिसों में। इसलिए मैं यह प्रश्न करना चाहता हूँ कि रामचरित मानस और अनीस के मरसियों का सामाजिक आधार क्या है?
लेकिन यह बात करने से पहले मैं यह कह देना ज़रूरी समझता हूँ कि साहित्य को साहित्य समझ कर पढ़ते वक़्त हम श्रीराम या हज़रत इमाम हुसैन नहीं कह सकते। साहित्य में वे केवल राम और हुसैन कहे जायेंगे और इनकी कहानी भी कहानी की ही तरह पढ़ी जायेगी और कहानी ही की कसौटी पर कसी जायेगी। यानी इन कहानियों को हम धर्म की कसौटी पर नहीं कस सकते।
लखनवी मरसियों में वीर रस कहाँ से आया?
और अब मैं यह प्रश्न करना चाहता हूँ कि दकन या दिल्ली के शिया कवि वैसे मरसिये क्यों न लिख सके, जैसे मरसिये ज़मीर, खलीक, अनीस, दबीर, मुनीस, उन्स और वहीद ने लिखे? क्या ये लखनवी कवि गोलकुण्डा और बीजापुर के कवियों से ज़्यादा अच्छे शिया थे? क्या मीर तकी मीर और सौदा और मियाँ सिकन्दर इन लखनवी कवियों से ज़्यादा शिया थे? और अगर इन मरसियों की अच्छाई या बुराई का राज कवियों के अच्छे या बुरे शिया मुसलमान होने में है तो लखनऊ के नानकचन्द नानक के मरसियों को कहाँ रखा जाये? नतीजा यह निकलता है कि इन मरसियों का कवि के धर्म से उतना गहरा सम्बन्ध नहीं है, जितना गहरा सम्बन्ध आम तौर से सोचा जाता है। इस मुअम्मे का हल सामाजिक परिवेश में ढूँढना चाहिए। दकन के शिया बादशाहों और लखनऊ के शिया नवाबों के सामाजिक परिवेश में बड़ा फ़र्क है। गोलकुण्डा और बीजापुर के शिया बादशाह रणभूमि में थे। ज़ख्म खा रहे थे और ज़ख्म लगा रहे थे। इसलिए वहाँ के कवि बड़ी-बड़ी मसनवियाँ लिख रहे थे और वे अपने बादशाहों को प्रेम-कथाओं का ‘हीरो’ बना रहे थे। गोलकुण्डा और बीजापुर का सामाजिक परिवेश करबला की हारी हुई लड़ाई के आधार पर लिखे जाने वाले मरसियों के लिए मुनासिब नहीं था। वहाँ तो कसीदों और मसनवियों का बाज़ार गर्म था। रही दिल्ली। तो दिल्ली खुद मरसियों की माँग कर रही थी। वहाँ हुसैन के मरसियों पर कौन ध्यान देता? दिल्ली में दिल्ली के मरसिये लिखे गये। परन्तु लखनऊ की हालत कुछ और थी। आसपास किसान बेचैन हो रहे थे, मगर लखनऊ में सुकून था। बदन कसीदे की माँग कर रहा था और आत्मा मरसियों की। इसलिए वहाँ एक नये क़िस्म का मरसिया लिखा गया, जिसमें कसीदे का ठाठ भी था और मरसिये का दर्द भी, मसनवी का बहाव भी था और ग़ज़ल का रस भी।
यह तो हुई ‘फार्म’ की बात। किसी ख़ास जमाने में कोई ख़ास ‘फार्म’ यूँ ही नहीं चल पड़ता। बल्कि हर ‘फार्म’ का एक सामाजिक आधार होता है।
परन्तु यह सवाल अब भी अपनी जगह है कि लखनवी कवियों ने हुसैन को हीरो क्यों बनाया? कि वे हुसैन को हीरो बना कर हमसे क्या कहना चाहते हैं? इस सवाल का जवाब देना इसलिए ज़रूरी है कि गोलकुण्डा, बीजापुर और दिल्ली के शिया कवियों ने हुसैन को मरसियों का हीरो नहीं बनाया था। उनके यहाँ हुसैन की बहनों, बेटियों, छह महीने के बेटे अली असग़र और बीमार बेटे ज़ैनुल आबिदीन का ज़ोर दिखायी देता है। ये सारे के सारे लोग लखनवी मरसियों में सहायक भूमिकाओं में दिखायी देते हैं। लखनवी मरसियों में हुसैन, अब्बास, अली अकबर, क़ासिम, और मुहम्मद और हुर्र का ज़ोर दिखायी देता है। ये सब के सब सिपाही हैं। ये तमाम लोग लड़ते-लड़ते मारे जाते हैं। चरित्रीकरण का फ़र्क बिला वजह तो नहीं हो सकता। सच पूछिए तो मुझे इसी फ़र्क ने चौंकाया। औरतों, बच्चों और बीमारों को छोड़कर सिपाहियों का चुनाव क्यों किया गया? लखनऊ की आत्मा आख़िर कौन-सी लड़ाई लड़ रही थी कि साहित्य में फ़ौजों की भर्ती शुरू हो गयी? क्योंकि जिन दिनों ये लखनवी मरसिये लिखे जा रहे थे, उन्हीं दिनों लखनऊ में दुनिया की सबसे बड़ी दास्तान “तिलिस्मे-होशरूबा” भी लिखी जा रही थी। और उस दास्तान में कोई फ़ौज लाखों से कम की है ही नहीं। “तिलिस्म-होशरूबा” की बात कभी फिर करूँगा। यह दास्तान हमारी सभ्यता का एक महत्त्वपूर्ण दस्तावेज़ है, जिसे हमने अफ्यून की पिनक में कही जाने वाली एक दास्तान कहकर ठुकरा रखा है। यहाँ मैंने उसकी बात केवल इसलिए निकाली कि लखनवी मरसियों में जो तब्दीली दिखायी दे रही है, उसे सिर्फ़ इत्तिफ़ाक़ कहकर न टाल दिया जाये। हमारे सामने इस समय प्रश्न है कि लखनवी मरसियों में वीर रस कहाँ से आया और क्यों आया? इस प्रश्न का जवाब देने की अनुमति दीजिए। अठारहवीं-उन्नीसवीं सदी के लखनऊ के सामने सवाल यह था कि क्या अंग्रेज़ों की छत्रछाया में रहना क़बूल कर लिया जाये? लखनऊ को इस सवाल का जवाब देना था। इन मरसियों की पृष्ठभूमि में यही सवाल है। इस सवाल के जवाब में इन लखनवी कवियों ने लखनऊ के लोगों को हुसैन की गाथा सुनायी। क्योंकि हुसैन के सामने भी यही सवाल था। हुसैन ने यजीद के हाथों में अपना हाथ देने से इनकार किया। नतीजे के तौर पर करबला की लड़ाई हुई। हुसैन अपने साथियों और बाल बच्चों समेत मारे गये। उनका घर फूँक दिया गया। उनके घराने की औरतें दर-ब-दर हुईं। परन्तु हुसैन ने यजीद के हाथ में अपना हाथ नहीं दिया। लखनवी कवियों ने ये मरसिये लिखकर इसी सवाल का जवाब दिया। वे लखनऊ को करबला बनाने पर तैयार थे, परन्तु अंग्रेजों की चौधरायी मानने को तैयार नहीं थे। लखनऊ को अपने कवियों की यह बात पसन्द आयी। सत्तावन में लखनऊ करबला बना। लखनऊ की जमीन लखनवी हुसैनों और लखनवी अली अकबरों और अब्बासों और कासिमों के ख़ून से लाल हो गयी। लखनऊ ने सर कटा दिया, सर झुकाने पर तैयार न हुआ।
यही है इन मरसियों का सामाजिक आधार। ये मरसिये गोलकुण्डा और बीजापुर में लिखे ही नहीं जा सकते थे, क्योंकि उन शहरों को इस प्रकार का कोई राजनीतिक फ़ैसला नहीं करना था।
मैं “रामचरित मानस” के बारे में भी कुछ कहना चाहता था। मगर मरसियों की बात लम्बी खिंच गयी। इसलिए तुलसीदास की बात अगले अंक में।
(पृष्ठ : 17 / धर्मयुग / 8 अक्तूबर, 1967)

तुलसी का रामचरितमानस
अनीस के मरसियों के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य का विवेचन आप ‘धर्मयुग’ के पिछले अंक में पढ़ चुके हैं, अब प्रस्तुत है अवध के महान प्रबन्धकार तुलसी के ‘रामचरित मानस’ की पृष्ठभूमि की मीमांसा।
आलोचना कोई तीर मारने का नाम नहीं है, बल्कि साहित्य को समझने की कला है! और चूँकि हम मनुष्य की आत्मा की साहित्य की मदद के बिना नहीं समझ सकते, इसलिए आलोचना का महत्त्व बढ़ जाता है। आलोचना टिप्पणी या ‘फुट नोट’ नहीं है। आलोचक शब्दों को आत्मा में झाँकता है, क्योंकि साहित्य में शब्दों का प्रयोग नहीं होता, बल्कि शब्द प्रतीक बना लिये जाते हैं। इसलिए साहित्य को समझने के लिए उसकी प्रतीक-भाषा से परिचित होना ज़रूरी है।
इस भूमिका की ज़रूरत इसलिए पड़ी कि मैं इस समय जिस रास्ते पर चलने का प्रयत्न कर रहा हूँ, वह तलवार से ज़्यादा तेज़ और बाल से ज़्यादा बारीक है। बात यह है कि मैं अगर किसी ‘मीर’ या ‘ग़ालिब’ किसी ‘जायसी’ या ‘टैगोर’ की बात करने वाला होता, तो डर न लगता। परन्तु मैं बात करने जा रहा हूँ मीर, अनीस और तुलसीदास की। और इनके बारे में मैं यह कह रहा हूँ कि इनके काव्य का सामाजिक आधार है। मैं यह कहने जा रहा हूँ कि अनीस के मरसियों और तुलसीदास के ‘रामचरित मानस’ का राजनीतिक आधार भी है। और यदि ये रचनाएँ सामाजिक व राजनीतिक आधार विहीन होती तो इतनी बड़ी न होतीं। डर इसलिए लग रहा है कि ये दोनों ही कवि ‘धार्मिक’ समझ लिये गये हैं। परन्तु कविता धार्मिक या अधार्मिक नहीं होती! केवल मज़हब कभी कला का आधार नहीं हो सकता।
रामचरित मानस का सामाजिक आधार क्या है?
अनीस के हुसेन की बात मैं ‘धर्मयुग’ के पिछले अंक में कर चुका हूँ। अनीस के हुसेन लखनऊ का भारत के प्रतीक हैं। तुलसी के राम और लक्ष्मण भी प्रतीक ही हैं, क्योंकि साहित्य प्रतीक भाषा का प्रयोग करता है। तो तुलसी के राम काहे का प्रतीक हैं? यानी मैं यह देखने का प्रयत्न कर रहा हूँ कि क्या ‘रामचरित मानस’ का कोई सामाजिक आधार है। परन्तु ‘रामचरित मानस’ की बातें करने से पहले कुछ बातों को साफ़ कर लिया जाये, तो अच्छा होगा।
’रामचरित मानस’ भक्ति काल की एक रचना है। क्या आप मेरी इस बात से सहमत हैं कि भक्ति काल का काव्य-साहित्य बुनियादी तौर पर विरह का साहित्य है? ‘राम की बहुरिया’ से रसख़ान तक विरह का एक बियाबान फैला हुआ है। कहीं सूर की गोपियाँ बिलख रही हैं और कहीं मीरा। कहीं जायसी की नागमती व्याकुल है और कहीं तुलसी की सीता। ‘पद्मावत’ का सबसे खूबसूरत हिस्सा उसकी नायिका या उसके नायक के हाल में नहीं है, बल्कि नागमती के हाल में है! क्या यह केवल इत्तिफ़ाक़ है? और क्या यह भी केवल इत्तिफ़ाक़ है कि अकबर की जीवन-रेखा को पार करते हैं? भक्तिकाल शृंगार की सीमा में प्रवेश करने लगता है? और क्या यह भी इत्तिफ़ाक़ है कि महाभारत का ‘हीरो’ कृष्ण भक्तिकाल के कवियों को नहीं भाया? उन्हें तो कृष्ण का बालरूप पसंद आया, जब वे मक्खन चुरा रहे थे और माँ की डाँट सुन रहे थे। इन बातों पर विचार करने की ज़रूरत है, क्योंकि साहित्य में कोई बात इत्तिफ़ाक़ से नहीं हो जाती।
यह भक्तिकाल की शायरी आख़िर किसकी तलाश में है? कौन खो गया है, जिसके लिए यह काल बिलख रहा है? बात शायरों की नहीं, बल्कि युगबोध की है। और फिर कौन मिल गया कि विरह की आग बुझ गयी और काव्य में शृंगार का रस आ गया? यह खो जानेवाली चीज़ ऐसी है, जिसे हिन्दू सूरदास और मुसलमान क़ुतुबन दोनों ही रो रहे हैं। और फिर यह क्या चीज़ है कि जिसके मिलते ही सबके सब शृंगार का रस पीकर झूमने लगे?
भक्तिकाल को समझने के लिए यह देखना पड़ेगा कि हिन्दुस्तानी जीवन या हिन्दुस्तानी समाज में कौन-सी नयी चीज़ शामिल हुई, या कौन-सी चीज़ निकल गयी।
हम देखते हैं कि जब हिन्दुस्तान पर ताबड़तोड़ हमले हो रहे थे और लड़ाई के मैदान में हमारी हार हो रही थी, तो हमारे कवियों ने वीरगाथाएँ सुनायीं। यह लड़ाइयों का युग है। हार जीत का फ़ैसला नहीं हुआ है। परन्तु जब रणभूमि की कहानी समाप्त हुई, तो एकदम से वीरगाथाएँ लड़खड़ाने लगीं और भक्ति का संगीत उभरा। इस्लाम और मुसलमान बादशाह—हमारे जीवन में ये दो नयी चीज़ें शामिल हो गयीं। मुसलमान हमलावर, मुसलमान बादशाही दो चीज़ें हैं और इन्हें गड्ड-मड्ड नहीं करना चाहिए। और इस्लाम एक बिल्कुल तीसरी चीज़ है और इन हमलावरों और बादशाहों से बिल्कुल अलग है। इन मुसलमान बादशाहों ने हिन्दू बादशाहों की तरह पगड़ी के ताज पहने! और उन्हीं दिनों यह आवाज़ सुनी गयी कि राम कहो या रहीम कहो… यानी भक्तिकाल हिन्दुस्तान की नयी आत्मा की तलाश का युग है। अकबर तक आते-आते भक्ति-काव्य अपने उत्कर्ष पर आ जाता है। उत्तर दीन-ए-इलाही शुरू होने वाला है,, इधर सूर, तुलसी और जायसी की आवाज़ आ रही है। कौन यह कह सकता है कि ताज मीरा से घटिया कृष्ण भक्त है? कौन कह सकता है कि रसख़ान की आवाज़ में भक्ति का जो रस है, वह हल्का है?—यानी वह आत्मा मिल गयी, जो ग्यारहवीं-बारहवीं सदी से ढूँढ़ी जा रही थी। बाहर से आनेवाली आत्मा देश की आत्मा में घुल गयी।—जैसे गंगा में जमुना घुल गयी। इस बात को ज़ाहिर करने के लिए महाभारत के कृष्ण की ज़रूरत नहीं थी। यह बात तो नटखट माखनचोर के ज़रिये ही कही जा सकती थी। क्योंकि महाभारत के कृष्ण के साथ तो भीम आते अपनी गदा सँभाले हुए। और अर्जुन आते अपनी कमान लिये हुए और फिर रण होता—परन्तु देश की आवाम तो शांति की तलाश में थी, इसलिए गोकुल में बालकृष्ण आया—बंसी बजाता हुआ, गायें चराता हुआ, बड़े भाई की शिकायत करता हुआ, मक्खन चुराता हुआ, गोपियों को परेशान करता हुआ—इस वातावरण से शांति की सुगन्ध आ रही है। इन गीतों में गाँव बसे हुए हैं। बच्चे खेल रहे हैं। माँ घर में मक्खन बिलो रही हैं। लड़ाई-वड़ाई तो ख़त्म हो चुकी है। लड़ाई ख़त्म न हो चुकी होती तो कृष्ण ताज के घर में मक्खन चुराने कैसे चले जाते हैं? ये बालकृष्ण प्रतीक हैं इस अभिलाषा के कि जिन बदनों पर लड़ाई के निशान हैं, वे तो शायद लड़ाई को न भूल पायें, लेकिन जब आज के बच्चे जवान होंगे, तो उन्हें ये लड़ाइयाँ क्यों याद आयेंगी?
तुलसी अन्य कवियों से क्यों भिन्न हैं?
परन्तु तुलसीदास की आवाज़ भक्ति काल के तमाम कवियों की आवाज़ से अलग है। इसलिए मैं तुलसीदास की बात भी अलग से ही करना चाहता हूँ। तुलसीदास को उस नयी आत्मा की तलाश नहीं है, जो मुसलमान हमलावरों से जुझ गयी थी। और शायद यही वजह है कि सूरदास और जायसी से कमतर रसमय होते हुए भी, वे इन दोनों से ज़्यादा लोकप्रिय हुए! तुलसीदास के लिए लड़ाई ख़त्म नहीं हुई थी। इसलिए उन्होंने किसी आशिक़ को अपना कथानायक नहीं बनाया, बल्कि उन्होंने एक योद्धा को चुना। राम और रावण की लड़ाई सीता के परिचय से पहले ही उस तपोवन में शुरू हो गयी थी, जहाँ अयोध्या के राजकुमार कंधे से कमानें लटकाये उसकी पवित्र शान्ति की हिफ़ाज़त कर रहे थे। यानी यह बात हमें पहले ही बता दी जाती है कि इस कहानी का नायक एक वीर सिपाही है। यह बात भी महत्त्वपूर्ण है कि तुलसीदास का नायक भी सूरदास के नायक की तरह बच्चा है। यानी तुलसीदास भी सूरदास की तरह नयी पीढ़ी से आशा बाँध रहे हैं। परन्तु इन दोनों की आशाओं में बड़ा फ़र्क है। सूर शान्ति का खवाब देख रहे हैं और तुलसी लड़ाई का। यानी ‘रामचरित मानस’ वास्तव में भक्ति-काव्य के सिलसिले की कड़ी नहीं है, बल्कि वीरगाथाकाल का एक अंग है।
महाकाव्य की परम्परा के अनुसार तुलसीदास ने राजा का क़सीदा नहीं लिखा है। ऐसा क्यों है? ऐसा इसलिए है कि तुलसीदास किसी मुसलमान को राजा मान ही नहीं सकते थे। मुझे दरअसल इसी क़सीदे की कमी ने चौंकाया था। इस क़सीदे का न होना एक बुनियादी इशारा है और इसी के सहारे हम तुलसीदास की प्रतीक-भाषा को समझने की कोशिश कर सकते हैं।
मेरे ख़याल में रावण मुसलमान बादशाह है। सीता हमारी आज़ादी, हमारी सभ्यता और हमारी आत्मा है, जिसे रावण हर ले गया है। परशुराम की कमान राम के हाथ में है। यानी ब्राह्मणों से धर्म की रक्षा नहीं हो सकती। क्षत्रिय? मगर सारे राजा-महाराजा तो मुग़ल दरबार में हैं। तुलसीदास ऊँची जाति के हिंदुओं से नाराज हैं, क्योंकि ऊँची जाति के हिन्दू तो उनसे मिले बैठे हैं। मगर वे किसी अछूत को नायक नहीं बना सकते थे। इसीलिए उन्होंने एक देवता को नायक बनाया। यह बात बहुत महत्त्वपूर्ण है कि आर्यपुत्र राम ने भीलनी के जूठे बैर खाये। यह बात भी महत्त्वपूर्ण है कि राम की सेना में लक्ष्मण के सिवा ऊँची जाति का एक आदमी भी नहीं है। इन दोनों भाइयों के सिवा राम की सेना में केवल बंदर हैं—नीची जाति के लोग। यानी ऊँची जात के लोगों से मायूस होकर तुलसीदास ने अछूतों या नीची जाति के हिंदुओं को धर्म की रक्षा के लिए आवाज़ दी।
लड़ाई हुई। रावण हार गया। सीता मिल गयी। परन्तु नतीजा क्या हुआ? तुलसी ने देखा कि यह सीता वह नहीं है। इसलिए तुलसी की बसाई हुई अयोध्या ने उस सीता को कुबूल नहीं किया—अग्नि-परीक्षा के बाद भी कुबूल नहीं किया, परन्तु उसी सीता ने यज्ञ के घोड़े की लगाम पर हाथ डाल दिया। बात फिर बच्चों ही तक आयी।
तो हम यह देखते हैं कि धार्मिक साहित्य का भी एक सामाजिक आधार होता है।
(पृष्ठ: 19 / धर्मयुग / 15 अक्टूबर, 1967)
आपका पत्र मिला
अनीस, तुलसी और राही के विचार : तीन महत्त्वपूर्ण प्रतिक्रियाएँ
8 अक्तूबर के धर्मयुग में अनीस पर विमर्श आरम्भ करने के लिए हार्दिक साधुवाद। आपने ‘अवध में दो ही प्रबन्धकार’ कैसे कहे। अवध में इधर दो नहीं, तीन प्रबन्धकार हुए — भारतीय प्रबन्धकारों में क्या कभी जायसी का नाम छोड़ा जा सकता है? यद्यपि तीनों ही अपने-अपने आराध्य के प्रेम में डूबे हुए हैं, फिर भी तीनों की छटा अलग-अलग है और तीनों ही एक-एक सिंहासन के अधिकारी हैं।
ऊपर मैंने ‘अवध में इधर’ कहा है। इस कारण कि अवध तो अनादि काल से प्रबन्धकारों का उत्पादक रहा है। हमारे आदि कवि का आश्रम जिस तमसा तट पर था, वह दकनी टोंस नहीं, अयोध्या-निकटवर्ती अवधवाली टोंस है। दूसरे शब्दों में अवध ही भारतीय कविता की जन्मभूमि है।
एकमात्र बौद्ध महाकवि अश्वघोष साकेत के ही थे, और, यदि मैं भूलता नहीं हूँ, तो अपभ्रंश रामायणकार स्वयंभू और हिन्दी के पहले प्रबन्धकार चन्दायन-रचयिता मुल्ला दाऊद भी अवध के थे। इस परम्परा को इधर के बहुसंख्य प्रबन्धकारों ने क़ायम रखा है। हिन्दी के इधरवाले समस्त प्रबन्धकार अवध के ही हैं।
निदान, प्रबन्ध काव्यों के इस रंगस्थलवाले अनीस की चर्चा करके डॉ. राही मासूम रज़ा ने एक ऐसा प्रसंग छेड़ दिया है, जो सर्वथा उपेक्षित था। अनीस का मैं भक्त हूँ। उनकी प्रसाद-गुण सम्पन्न कविता का कौन भक्त न होगा। उन्होंने अपनी प्रतिज्ञा—
गुलदस्त-ए मानी को नये ढंग से बांधूं।
एक फूल-सा मजमूं हो तो सौ रंग से बांधूं॥
का, सवा-सोलह आने निर्वाह किया है। अनीस का मर्सिया तो सब मर्सियों का सिरताज़ है ही, उनकी रुबाइयाँ भी दर्द से सराबोर हैं। नागराक्षरों में ये रत्न, समग्र-रूप में आने चाहिए।
पारसी समाज ने 1914 ई. में सम्पूर्ण फ़ारसी शाहनामा को गुजराती टीका सहित गूर्जराक्षरों में प्रकाशित कर दिया था। फ़ारसी क्लासिक्स की बात तो दूर, अभी तक हम अपना उर्दू साहित्य भी नागराक्षरों में नहीं निकाल सके हैं। क्या ही अच्छा हो, यदि इस लज्जाजनक परिस्थिति का दूरीकरण अनीस के सर्वस्व के प्रकाशन द्वारा किया जाय और उसी मालिका में, एक आकार-प्रकार में उर्दूके अन्य महाकवियों की समग्र रचनाएं भी क्रमशः निकाली जायें।
पत्र समाप्त करते हुए एक बार और अनीस के चित्रकी प्रामाणिकता ज्ञातव्य है। चित्र है तो उसी कालके व्यक्तिका, किन्तु आजकल बहुत-से चित्र चला दिये गये हैं। यदि राही साहब को यह किसी विश्वसनीय स्थान से प्राप्त हुआ है, तब तो कोई बात नहीं, अन्यथा इसकी प्रामाणिकता पर विचार होना चाहिए।
☐
राय कृष्णदास
सीता निवास
बनारस-5
(2)
डॉ. मासूम रज़ा का दूसरा लेख — “तुलसी का रामचरितमानस” 15 अक्तूबर के धर्मयुग में पढ़ा। उसमें सबसे क़ाबिले एतराज़ बात यह है कि “रावण मुसलमान बादशाह है।” इसके बजाय यह कहना चाहिए था कि हमलावर गजनवी, गोरी, खिलजी, तुगलक या मुगल वंशों का प्रतीक रावण है। शब्द मुसलमान या इस्लाम का इस्तेमाल करना ही नहीं चाहिए था। राजनीतिक आधार को सामाजिक जीवन से गड्डमड्ड नहीं करना चाहिए, क्योंकि हो सकता है निसकी रचना के पीछे राजनैतिक असन्तोष हो।
यह भी नहीं भूलना चाहिए कि अकबर के जमाने में हिंदुस्तान में पहली बार पुनरुद्धार शुरू हुआ। अकबर ने सोचने की, बोलने और लिखने की आज़ादी दी। इसी विचार स्वातन्त्र्य के कारण ‘रामचरितमानस’ की रचना सम्भव हो सकी।
डॉ. रज़ा की यह बात सही प्रतीत होती है कि तुलसी चूँकि ब्राह्मण थे और ब्राह्मण चूँकि हज़ारों वर्षों से हिन्दू समाज के शिक्षित मध्यमवर्ग बने रहे और हिन्दू धर्म के सूत्रधार यही रहे, इसलिए ब्राह्मण किसी भी हालत में ग़ैर धर्म के बादशाहों को क्षत्रिय राजाओं का दर्जा नहीं दे सकते थे। तुलसी के ज़माने में राजस्थान के राजपूत तो मुगलों के सामने झुक ही गये थे, लेकिन पूर्वी यू.पी. के-राजपूत मुगलों के चक्कर में नहीं फँसे। इसीलिए वाल्मीकि रामायण के नायक राम को ही तुलसी ने अपने मानस का नायक चुना। आसानी इसी में थी।
भक्ति काल के साहित्य को दो तरह से चरितार्थ किया जा सकता है। अगर उसे पलायन के अर्थ में लें, तो इसमें आज के और भावी हिंदुस्तानी समाज की कोई सेवा न होगी, बल्कि एक कटुता-राजनीतिक से ढुलककर सामाजिक तक, बनी रहेगी। लेकिन अगर यह समझें कि अकबर की रोशन खयाली की वजह से सबसे पहला पुनरुद्धार हिंदुस्तान में शुरू हुआ, तो फिर हम अपने देश की बहुत बड़ी सेवा करेंगे।
☐
अमीर मोहम्मद खाँ,
2, भगतसिंह मार्ग, धार (म. प्र.)
(3)
धर्मयुग के विजयादशमी अंक में प्रकाशित डॉ. राही मासूम रज़ा के अनुसार भक्तिकाल की शायरी किसी की तलाश में है, बहुत ठीक! वे यह तो नहीं बताते कि खोया क्या था, किन्तु यह अवश्य बताते हैं कि मिला क्या— ‘यानी वह आत्मा मिल गयी, जो ग्यारहवीं बारहवीं सदी से ढूँढ़ी जा रही थी। बाहर से आनेवाली आत्मा देश की आत्मा में घुल गयी।’ और उनके अनुसार बाहर से ‘इस्लाम और मुसलमान बादशाह—हमारे जीवन में ये दो ही चीज़ें शामिल’ हुई थीं। अब मुसलमान बादशाह तो ‘नयी आत्मा’ होने से रहे, अतः इस्लाम ही वह नयी आत्मा ठहरता है, उनके अनुसार जिसकी ‘सारा भक्तिकाल तलाश कर रहा था।’ अतः इस वैज्ञानिक विवेचन के अनुसार मानना चाहिए कि इस नयी आत्मा के लिए भक्तिकाल में ‘कहीं सूर की गोपियाँ बिलख रही हैं और कहीं मीरा’। किन्तु बड़े अफ़सोस की बात है कि तुलसीदास को उस नयी आत्मा की तलाश नहीं थी, उन्हें तो उसी पुरानी आत्मा की तलाश थी, जो मुसलमान हमलावरों से जूझ गयी थी। अब जो आत्मा बेचारी जूझ गयी, वह कैसे मिल सकती थी? समस्त भक्तिकाल की तलाश के प्रतिकूल जाने का दण्ड तो तुलसीदास को मिलना ही चाहिए। अतः श्री रज़ा का फतवा है, ‘रामचरितमानस वास्तव में भक्तिकाव्य के सिलसिले की कड़ी नहीं है, बल्कि वीरगाथाकाल का एक अंग है’। सत्य वचन महाराज, इस नयी वैज्ञानिक स्थापना से उन सब कुढ़मग्जों का भ्रमजाल टूट जायेगा, जो रामचरितमानस को भक्तिकाव्य धारा का ही नहीं, भक्ति शास्त्र का भी सर्वोत्तम ग्रन्थ माने बैठे थे।
श्री रज़ा ने रामचरितमानस के ‘गहरे पानी पैठ’ कर कुछ अनमोल मोती ढूँढ़ निकाले हैं। उनके अनुसार ‘परशुराम की कमान राम के हाथ में है। यानी ब्राह्मणों से धर्म की रक्षा नहीं हो सकती।’ चलिए, तुलसी के इस वास्तविक अभिमत के प्रकाशन से अब भदन्त आनन्द कौसल्यायन उन पर ‘ब्राह्मणशाही’ फैलाने का आरोप नहीं लगा सकते। क्षत्रिय भी तुलसी की दृष्टि में हेय थे, क्योंकि ‘सारे राजा महाराजा मुगल दरबार में थे, इसीलिए उन्होंने एक देवता को नायक बनाया।’ अब श्री रज़ा को यह कौन बताये कि वह देवता क्षत्रिय बन कर ही पैदा हुआ था और उसे अपने क्षत्रियत्व का अभिमान भी था, तभी तो उसने कहा था :
‘हम छत्री मृगया बन करहीं।
तुम्ह से खल मृग खोजत फिरहीं।’
रामचरित मानस के अपने गहरे अध्ययन के कुछ और पुष्ट प्रमाण भी श्री रज़ा ने इस लेख में दिये हैं। उनके अनुसार ‘यह बात बहुत महत्त्वपूर्ण है कि आर्यपुत्र राम ने भीलनी के जूठे बेर खाये।’ ‘तुलसी की बसायी हुई अयोध्या ने उस सीता को कुबूल नहीं किया — अग्निपरीक्षा के बाद भी कुबूल नहीं किया, परन्तु उसी सीता के बच्चों ने यज्ञ के घोड़े की लगाम पर हाथ डाल दिया।’ उनकी सेवा में नम्र निवेदन है कि मानस की शबरी ने श्रीराम को जूठे बेर नहीं खिलाये थे, तुलसी की अयोध्या ने सीता को श्रद्धा-भक्ति के साथ आदि शक्ति के रूप में ग्रहण किया था, मानस में न सीता निर्वासन का प्रकरण है, न लवकुश द्वारा यज्ञ के घोड़े को रोक लेने का! सुनी-सुनायी राम-कथा के आधार पर उल्टे-सीधे अनुमान करना मानस के सामाजिक आधार का विवेचन करना तो नहीं बन जाता। काश, इस लेख को लिखने के पूर्व श्री रज़ा एक बार भी रामचरित मानस का आदि से अन्त तक पारायण कर लेते!
श्री रज़ा के इस लेख को पढ़ने के बाद मुझे लगता है कि उनके लिए आलोचना सचमुच तीर मारने का नाम ही है, भले वह तुक्का साबित हो!
श्री विष्णुकान्त शास्त्री,
प्राध्यापक, कलकत्ता विश्वविद्यालय
कलकत्ता-6
(पृष्ठ : 7 / धर्मयुग / 12 नवम्बर, 1967)






