‘ढाई आखर प्रेम : राष्ट्रीय सांस्कृतिक जत्था’ 28 सितंबर 2023 (भगत सिंह जन्म दिवस) से लेकर 30 जनवरी 2024 (महात्मा गांधी शहादत दिवस) तक देश के 22 राज्यों में आयोजित एक पहल है। यह जत्था भारत की कामगार जनता की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मना रहा है जो सबसे उम्दा तरीक़े से संत कवियों की कविताओं में मौजूद है। यह देश की आम जनता, उसके कवियों, उसके कलाकारों से संवाद करते हुए ‘भारत के विचार’ की खोज करने वाली एक यात्रा है जिसके पीछे यह समझ है कि ‘भारत का विचार’ कहीं ऊपर से आरोपित नहीं हो सकता।
इस जत्थे का आखिरी चरण 26 से 30 जनवरी तक दिल्ली में सम्पन्न होगा। महात्मा गांधी को याद करते हुए धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और भाईचारे-बहनापे के मूल्यों तथा श्रम के सम्मान के प्रति समर्पित इस सांस्कृतिक यात्रा को आज के प्रतिकूल माहौल में एक सार्थक कोशिश की तरह देखा जाना चाहिए।