‘अस्पष्टता केवल शैली का खेल नहीं है। इसे उस ऐतिहासिक परिस्थिति से भी जोड़कर पढ़ा जा सकता है जिसमें सीधे बोलना जोख़िम भरा था और साहित्य को अपने सच के लिए दूसरे रास्ते खोजने पड़ते थे। व्यंग्य, फैंटेसी, असंभव घटनाएँ और अति-यथार्थ– ये सब मिलकर ऐसी अभिव्यक्ति संभव बनाते हैं जो सीधे कहे गए वाक्य से शायद अधिक कुछ कह जाती है।’–रूसी उपन्यासों की विवेचना की कड़ी में महेश मिश्र का एक और लेख।

मुश्किल किताबें पढ़ते हुए बार-बार लगता है कि लेखक आख़िर कहना क्या चाहता है। बहुत कम किताबें ऐसी होती हैं कि मुश्किल होने के बावजूद न तो वे आपको छोड़ती हैं, न ही आप उनको। पर विरली होती हैं वे किताबें जिनमें यह सवाल कुछ दूसरा ही रूप ले लेता है। हम यह पूछना छोड़ देते हैं कि कथानक में जो घट रहा है, वह कैसे संभव है। उल्टा हम यह सोचने लगते हैं कि हमारी समझ में यथार्थ का जो नक्शा बना हुआ है, कहीं वही अधूरा और कटा-फटा तो नहीं है?
अब यह कहना ज़रूरी है कि मुश्किल काल-खण्ड को समझने के लिए दूसरी तरह की पुस्तकें ही काम आती हैं। बाक़ी नाकाफ़ी होती हैं।
मिखाइल बुल्गाकोव का ‘दि मास्टर ऐण्ड मॉर्गरीटा’ इस दूसरी श्रेणी में आने वाला उपन्यास है।
मॉस्को में एक रहस्यमय विदेशी का आगमन, वोलांड और उसकी विचित्र मंडली के करतब, अचानक होने वाली मौतें, ग़ायब होते लोग, उड़ती हुई मार्गरीटा और अपनी मैन्युस्क्रिप्ट जला देने वाला मास्टर– यह सब किसी एकरेखीय, व्यवस्थित कथा में आसानी से विन्यस्त नहीं हैं।
लेकिन शायद बुल्गाकोव का उद्देश्य भी हमें घटनाओं के सुविधाजनक अर्थ समझाने तक सीमित नहीं था। वे हमें उस दुनिया की सैर पर ले जाते हैं जहाँ तर्क, भय, सत्ता और मनुष्य की अपनी धारणाएँ एक-दूसरे से अप्रत्याशित और (अन)पहचाने ढंग से टकराती हैं।
इस उपन्यास को पढ़ते हुए मुझे बार-बार लगा कि यथार्थ को केवल कारण और परिणाम के क्रम में समझने की हमारी आदत हमारे बोध की कितनी बड़ी सीमा है!
आख़िर क्या हर सच को स्पष्ट होना ही चाहिए, तभी हम उसे सच मानेंगे?
सत्ता का भय और यथार्थ का तमाशा यदि हमारे कॉमन-सेंस की परिधि लाँघ जाए तो हमारी समझ-बूझ के लिए बड़ी मुश्किलें आ सकती हैं।
उपन्यास में वोलांड का मॉस्को आना, शैतान और उसके करतबों की कहानी और उन तमाशों के माध्यम से हम तत्कालीन सोवियत समाज का चेहरा देखने में सक्षम हो पाते हैं। बुल्गाकोव स्वयं सोवियत सत्ता के प्रतिनिधि रहे हैं, इसलिए उनके द्वारा उठाए गए सवाल आसानी से झिटके नहीं जा सकते।
यह समय ऐसा बन गया है जब भौतिक उपलब्धियों का लालच, सामाजिक प्रतिष्ठा और सुविधाएँ तो मौजूद हैं, लेकिन स्वतंत्र होकर सोचने की गुंजाइश लगातार सिकुड़ती जा रही है। एक मेटाफ़रिकल दृश्य में हम देखते हैं कि मंच पर रूबल बरस रहे हैं, रंग-बिरंगे कपड़े, शानदार जूते और दूसरी चीज़ें लोगों को आकर्षित कर रही हैं, मगर इस चमक के ही पार्श्व में एक ऐसी दुनिया है जिसमें सोचने-विचारने की स्वतंत्रता सबसे असुविधाजनक चीज़ बना दी गई है।
उपन्यास के पाठ में, वोलांड में स्टालिन का सीधा रूपक देखने के प्रयास-लाघव से अगर हम बच पाएँ तो हम उस सत्ता-व्यवस्था की विडंबना को देख पाएँगे जिसमें डर रीढ़ के अंदर तक घुस रहा है और व्यक्ति की हर तरह की गतिविधि पर उसका नियंत्रण रोज़मर्रा के व्यवहार का हिस्सा बन रहा है।
बुल्गाकोव की रचना में हास्य भी है, तमाशा भी और एक अजीब-सी ठंडी-क्रूरता भी। हँसना तो मुश्किल है। सिहरन का एहसास ज़रूर तारी रहता है।
उपन्यास की पृष्ठभूमि में स्टालिन-कालीन सोवियत व्यवस्था और लेखक की स्वतंत्रता पर पड़ने वाला दबाव है। ऐसे समय में, जब साहित्य से भी वैचारिक अनुरूपता की अपेक्षा की जाती हो, एक लेखक का अपनी कल्पना और अपने सत्य पर टिके रहना अपने आप में महत्त्वपूर्ण है।
मास्टर अपनी पांडुलिपि जला देता है। लेकिन उपन्यास में एक वाक्य बार-बार लौटता है:
“Manuscripts don’t burn.”
मुझे यह पंक्ति साहित्य की अमरता का उचित दावा लगती है। इसमें एक तरह का अदम्य लेकिन विश्वसनीय प्रतिरोध है। सत्ता किसी कृति को दबा सकती है, छपने से रोक सकती है, प्रसारण रोक सकती है, लेखक को भयभीत कर सकती है, उसके आत्मविश्वास को तोड़ सकती है- लेकिन क्या वह उस अनुभव और विचार को भी पूरी तरह मिटा सकती है जिसने रचना को जन्म दिया?
नहीं।
उपन्यास के कथानक में पांडुलिपि का जल जाना और उसका फिर लौट आना, इसी प्रश्न का साहित्यिक प्रकटन है। और उससे अधिक सच की अभिव्यक्ति का सीधा तरीक़ा भी यही हो सकता था।
एक बात और, इस उपन्यास में अस्पष्टता है। बहुत ज़्यादा अस्पष्टता। बुल्गाकोव की सबसे दिलचस्प बात यह है कि वे विचित्र घटनाओं को किसी सामान्य तर्क से समझाकर उनका असर ख़त्म नहीं करते। वोलांड की भविष्यवाणी हो या बर्लियोज़ की मृत्यु, पात्र बार-बार असामान्य घटनाओं को जासूसी, पागलपन या किसी षड्यंत्र की भाषा में समझने की कोशिश करते हैं।
यह प्रतिक्रिया स्वाभाविक है। हम सब अपने अनुभवों को किसी परिचित ढाँचे में रखना चाहते हैं। जो हमारी समझ में नहीं आता, उसे किसी ज्ञात श्रेणी में रख देने से हमें राहत मिलती है। लेकिन क्या ऐसी मनोवैज्ञानिक राहत टिकाऊ हो सकती है?
इसी बिंदु पर इस उपन्यास की अस्पष्टता महत्त्वपूर्ण लगने लगती है। यह अस्पष्टता केवल शैली का खेल नहीं है। इसे उस ऐतिहासिक परिस्थिति से भी जोड़कर पढ़ा जा सकता है जिसमें सीधे बोलना जोख़िम भरा था और साहित्य को अपने सच के लिए दूसरे रास्ते खोजने पड़ते थे। व्यंग्य, फैंटेसी, असंभव घटनाएँ और अति-यथार्थ– ये सब मिलकर ऐसी अभिव्यक्ति संभव बनाते हैं जो सीधे कहे गए वाक्य से शायद अधिक कुछ कह जाती है।
बुल्गाकोव की दुनिया में भ्रम के भीतर सच है और सामान्य दिखाई देने वाली दुनिया के भीतर भी एक गहरी असामान्यता। इसीलिए मुझे लगता है कि इस उपन्यास को केवल तर्क की कसौटी पर पढ़ना पाठ के अनुभव को सीमित कर देना है।
यह तर्क के विरुद्ध जाने की बात नहीं है। बात इतनी है कि तर्क को ही अनुभव का एकमात्र निर्णायक मान लेने से हम बहुत कुछ खो देते हैं।
उपन्यास में एक दूसरी कथा भी चल रही है। यह येशुआ ह-नाज़री और पोंटियस पाइलेट की है। यहाँ बुल्गाकोव का स्वर अपेक्षाकृत गंभीर हो जाता है। सत्ता और विवेक आमने-सामने हैं। पाइलेट येशुआ से प्रभावित होता है, उसकी बातों में कुछ ऐसा पहचानता है जिसे पूरी तरह नकार नहीं पाता। फिर भी वह उसे बचाने का साहस नहीं जुटा पाता।

इस प्रसंग में सबसे अधिक परेशान करने वाली बात यही लगती है कि सत्य को पहचान लेना और उसके पक्ष में खड़े हो पाना दो अलग-अलग बातें क्यों हैं?
और सच के साथ खड़े न हो पाना साहित्यिक ही नहीं यथार्थ की भी त्रासदी बन जाता है। हम जानते हैं कि व्यक्ति इसलिए अनैतिक नहीं होता कि उसे सही और गलत का अंतर मालूम नहीं। कभी-कभी वह अंतर मालूम होने के बावजूद अपने पद, सुरक्षा और सुविधा को बचाना चाहता है। पाइलेट की त्रासदी यही है। वह पूरी तरह अनजान नहीं है। वह जानता है, लेकिन उस ज्ञान के अनुरूप निर्णय नहीं ले पाता।
इस अर्थ में उसकी चुप्पी केवल व्यक्तिगत कमज़ोरी नहीं रह जाती। वह उस व्यवस्था का हिस्सा बन जाती है जिसमें भय धीरे-धीरे विवेक की जगह ले लेता है।
व्यवस्था के आंतरिक क्रोड़ में डर ऐसे ही अपनी कुंडली बनाता होगा, न?
और क्या यह सवाल किसी एक ऐतिहासिक कालखण्ड तक सीमित रहता है? नहीं। हम अपने आसपास भी ऐसे प्रसंग देख सकते हैं जहाँ लोग सच को पहचानते हैं, लेकिन उसके पक्ष में बोलने से बचते हैं। कभी अपनी नौकरी के कारण, कभी सामाजिक स्वीकृति के लिए और कभी इसलिए कि चुप रहना बोलने से आसान है।
बुल्गाकोव यह काम विरल कुशलता से करते हैं। वे साहित्य की एक ऐसी भाषा रचते हैं, क्रॉफ्ट को ऐसी धार देते हैं और दृश्यों के माध्यम से ऐसी स्थिति रचते हैं जिसमें पाठक का अपना विवेक कुछ इस तरह उत्तेजित हो जाता है कि वह स्थितियों की भयावहता को पहचानने में स्वयं सक्षम हो जाता है।
मास्टर और मार्गरीटा का प्रेम एक अन्य प्रकरण है जो उपन्यास के कथ्य में अहम बनकर सामने आता है। इस प्रेम की विशिष्टता यह है कि यहाँ प्रेम केवल भावना, आकर्षण और समर्पण नहीं रह जाता। वह इससे कुछ अधिक बन जाता है। पहले कथ्य के इस हिस्से पर एक नज़र। मार्गरीटा का जीवन ऐसा है जिसमें बाहर से देखने पर किसी कमी की कोई गुंजाइश नहीं दिखती। उसके पास सुख-सुविधाएँ हैं, एक व्यवस्थित वैवाहिक जीवन है, सामाजिक प्रतिष्ठा है। फिर भी वह खुश नहीं है।
बुल्गाकोव इसे एक छोटे-से प्रश्न में समेट देते हैं:
“In short… was she happy? Not for a moment.”
इस प्रश्न की सादगी ही इसकी ताक़त है। जीवन में सब कुछ उपलब्ध होना और जीवन का अर्थपूर्ण होना एक ही बात नहीं है। व्यवस्था हमें सुरक्षा दे सकती है, सामाजिक स्वीकृति दे सकती है, लेकिन वह हमारे भीतर की रिक्ति को हमेशा नहीं भर सकती। आंतरिक रिक्तता एक जटिल शय है।
मास्टर से मार्गरीटा का मिलना उसकी इस रिक्ति को एक नया अर्थ देता है। वह प्रेम में पड़ती है और वह मास्टर और उसकी रचना के साथ खड़ी होती है जिसे भय और असफलता ने लगभग तोड़ दिया है। मास्टर की पांडुलिपि उसके लिए महज़ एक किताब नहीं है। उसमें उस व्यक्ति का अपना सत्य, उसकी कल्पना और उसकी रचनात्मक स्वतंत्रता शामिल है।
इसलिए मार्गरीटा का प्रेम मुझे त्याग की पारंपरिक कथा से थोड़ा अलग दिखाई देता है। वह केवल किसी पुरुष के लिए अपना जीवन छोड़ देने वाली स्त्री नहीं है। वह निर्णय लेती है, जोख़िम उठाती है और अपनी इच्छा के अनुसार कार्य करती है। वोलांड की दुनिया में प्रवेश करना भी उसके लिए केवल किसी जादुई रोमांच का हिस्सा नहीं, बल्कि मास्टर तक पहुँचने और उसे बचाने का रास्ता बन जाता है।
बुल्गाकोव प्रेम को निष्क्रिय सद्गुण की तरह नहीं लिखते। मार्गरीटा का प्रेम सक्रिय है, उसमें साहस है, इच्छा है और एक तरह की अवज्ञा भी है। वह उस नैतिकता को स्वीकार नहीं करती जो उसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह देती।
उपन्यास में प्रेम के बारे में एक पंक्ति है:
“the one who loves must share the fate of the one he loves.”
इसमें प्रेम का अर्थ किसी के साथ सुख बाँटना भर नहीं है। दूसरे के भाग्य में हिस्सेदार होना, उसके संकट से मुँह न मोड़ना और उसके टूट जाने पर भी उसके अस्तित्व को महत्त्व देते रहना– शायद प्रेम की असल परीक्षा यह है।
मुझे मार्गरीटा में इसी वजह से एक नैतिक शक्ति दिखाई देती है। वह मास्टर को बचाती है, लेकिन उसके साथ-साथ उसकी रचना और उसके रचनाकार होने की संभावना को भी बचाने की कोशिश करती है। प्रेम यहाँ निजी जीवन की घटना होते हुए भी साहित्य और स्वतंत्रता के प्रश्न से जुड़ जाता है।
इस तरह उपन्यास की तीनों धाराएँ एक-दूसरे से आ मिलती हैं- सत्ता का भय, रचनात्मक स्वतंत्रता और प्रेम का साहस।
हालांकि इस उपन्यास को पढ़कर कोई एक ठोस निश्चित निष्कर्ष तो नहीं बनता बल्कि कुछ सवाल शायद पहली बार अधिक स्पष्ट हो जाते हैं।
क्या ऐसा होता है कि हम हर असामान्य अनुभव को तर्क में बदल देने की जल्दबाज़ी में उसकी गहराई खो देते हैं?
क्या व्यवस्था के भीतर सुरक्षित रहना कभी-कभी अपने विवेक से समझौता करने का दूसरा नाम है?
और क्या प्रेम केवल निजी भावना है या वह उस दुनिया के विरुद्ध खड़े होने की ताक़त भी दे सकता है जो मनुष्य की कल्पना और स्वतंत्रता को सीमित करना चाहती है?
बुल्गाकोव का उपन्यास इन सवालों का जटिल रसायन है, न कि आसान उत्तर देने की कोशिश। वह अपने पाठक को जादू, व्यंग्य, भय और प्रेम के बीच से गुज़ारता है। कई बार उसकी दुनिया समझ में नहीं आती, लेकिन उसका असर फिर भी बनता है। कुछ तो अंदर पगने लगता है।
अच्छे साहित्य की ज़रूरत यह भी है कि वह हमेशा हमें कोई नई जानकारी देने या पहले से मालूम बातों को प्रमाणित करने के लिए उद्यत न रहे, बल्कि कभी-कभी वह हमारी बनी-बनाई समझ में एक दरार पैदा करे, एक झिर्री रोशनी की बना पाए ताकि हम उस तरफ़ भी देख सकें जिसे अब तक देखने की ज़रूरत ही महसूस नहीं हुई थी।
और अंततः, मास्टर की मैन्युस्क्रिप्ट, पाइलेट का चुप रह जाना और मार्गरीटा का सक्रिय प्रेम– तीनों यह संकेत करते हुए नज़र आते हैं कि व्यक्ति की आज़ादी मात्र विचारों में बनी नहीं रह पाएगी यदि उन विचारों के लिए खड़े होने की उसकी क्षमता कमज़ोर है।






