नात्सी अत्याचार का भयावह दौर… अपने बेटे से दूर नात्सियों के यातना शिविर में फँसी अन्ना सेम्योनोव्ना… शिविर के अँधेरे कोने में छिपकर बेटे के नाम लिखी गयी उसकी चिट्ठी… वसीली ग्रॉसमैन के उपन्यास ‘लाइफ़ एंड फ़ेट’ की इसी चिट्ठी के मर्म को खोल रहे हैं महेश मिश्र, जिनके शब्दों में यह “एक माँ का व्यक्तिगत विलाप नहीं, बल्कि स्मृति और नैतिक विवेक की वह दीर्घकालिक पुकार है जो चाहती है कि इतिहास की यातनाएँ मनुष्य को उन्नत करें, उसे अधिक मानवीय बनायें।”
————————————————–
वसीली ग्रॉसमैन के उपन्यास लाइफ़ एंड फ़ेट को बीसवीं सदी की वॉर एण्ड पीस माना जाता है। शायद सही भी है। यह एक अन्य उपन्यास मात्र नहीं है, बल्कि इतिहास के बहुत बड़े घटना-क्रम और आलोड़न के बीच मानवीय अंतरात्मा के मंद स्पंदन को बयान करता एक महाकाव्य है।
यह हमें उस भयावह समय में ले जाता है जब मनुष्यता अपनी सबसे गहरी परीक्षा से गुज़र रही थी। यह नात्सी अत्याचार का दौर था। उपन्यास का नायक विक्टर स्ट्रम है, वह रूस में है। उसकी माँ अन्ना सेम्योनोव्ना उक्राईना के क़स्बे बर्डीचेव में नात्सी अत्याचारों के बीच फँस गयी हैं।
वजह है उनका यहूदी होना!

युद्ध, अत्याचार और क्रूरता के इस विशालकाय वृत्तांत में एक झिलमिल प्रकाश का बिंदु है—वित्या की माँ, अन्ना सेम्योनोव्ना का पत्र। यह पत्र एक मृत्यु-शिविर के अँधेरे कोने में छिपकर लिखा गया। ऐसे अंतिम शब्द जो मृत्यु को जीवन की संपूर्णता में देख सकने का सामर्थ्य रखते हैं। माँ अपने बेटे से अंतिम बार बात कर रही है…यह भी नहीं पता कि पत्र उसके बेटे को मिलेगा भी या नहीं।
पत्र के शब्दों पर अगर ग़ौर करें तो हम पायेंगे कि यह कोई साधारण विदाई नहीं है; यह एक माँ का अपने बेटे को, और असल में तो पूरी मनुष्य जाति को, उसकी स्मृति, उसकी चोट और उसकी अदम्य आकांक्षा को संबोधित करने का एक मार्मिक प्रयास है।
अन्ना सेम्योनोव्ना, मौत के मुहाने पर खड़ी एक स्त्री, एक माँ ऐसे शब्द लिखती है जो हमें जीवन और मृत्यु के बीच की उस सूक्ष्म रेखा का एहसास कराते हैं जहाँ तर्क अक्सर चुक जाते हैं और उम्मीद एक अनमनीय शय की तरह दिखती रहती है। वह लिखती हैं:
“I’ve realized now that hope almost never goes together with reason. It’s something quite irrational and instinctive.
People carry on, Vitya, as though their whole life lies ahead of them. It’s impossible to say whether that’s wise or foolish— it’s just the way people are. I do the same myself.”
(“मुझे अब एहसास हुआ है कि उम्मीद शायद ही कभी तर्क का अनुगमन करती है। यह कुछ ऐसा है जो पूरी तरह से अतार्किक और सहज है।
लोग, वित्या, ऐसे चलते रहते हैं जैसे उनका पूरा जीवन उनके सामने पड़ा हो। यह कहना असंभव है कि यह समझदारी है या मूर्खता – लोग ऐसे ही होते हैं। मैं भी ऐसा ही करती हूँ।”)
उम्मीद और तर्क के बीच की यह दरार वह स्त्री, वह माँ समझती है जो मौत के मुहाने पर खड़ी है, जहाँ तर्कपूर्ण ढंग से सोचने का हर रास्ता बंद हो चुका है। वह अपनी आँखों से देखती है कि कैसे स्त्रियाँ और बच्चे, अपने एक ही जोड़े कपड़ों में सिमटे हुए, घास और फूलों से अपने दिन बुनने की कोशिश करते हैं। निरीह-सी कोशिश…
इस निरीह कोशिश में न कोई हथियार है, न कोई विद्रोह है, न कोई विशाल प्रतिरोध है —बस जीवन को किसी तरह पकड़ लेने की ज़िद भरी तड़प। यह उस आख़िरी साँस को थामने जैसा है जिसमें सारी सदी को बचा लेने की इच्छा हो। इस एक क्षण में, जीवन की सहज प्रवृत्ति किसी भी तर्क से बड़ी हो जाती है। वे ऐसे जी रहे हैं, मानो उनके पास अनमोल समय हो, जबकि उनके पास कुछ भी नहीं।
यह वही ‘डिफेंस मैकेनिज्म’ है जिसे ग्रॉसमैन बेहद धीमे सिनेमाई अंदाज़ में दर्ज करते हैं। बिना किसी शोर के, बिना किसी आदर्शवादी गर्जना के। वह दिखाते हैं कि यहूदियों की हार सिर्फ़ इतिहास की नहीं, मनुष्य की चेतना की भी हार है। लेकिन, उस भयावह हार के भीतर ही एक करुणा जन्म लेती है, एक मानवीयता जो सच्चे प्रतिरोध की तरह काम करती है।
माँ अपने बेटे को आश्वस्त करती है कि वह अब डरती नहीं है:
“Even in the camp there is life. We collect flowers. We eat grass. We look at the sky and we listen to the birds. That’s how we live.”
“शिविर में भी जीवन है। हम फूल इकट्ठा करते हैं। हम घास खाते हैं। हम आकाश को देखते हैं और पक्षियों को सुनते हैं। हम ऐसे ही जीते हैं।”
यह करुणा किसी घोषणापत्र में नहीं, बल्कि जीवन की सबसे छोटी, सबसे भंगुर अभिव्यक्तियों में मिलती है—एक फूल, एक घास की पत्ती, एक पक्षी का गीत। ये मनुष्य के जीवट की वैसी अभिव्यक्तियाँ हैं जो प्रकट विनाश के सामने भी आत्मा को जीवित रखती हैं। यह जीवन की अंतिम संभावना है—काँपती हुई, कमज़ोर, लेकिन अब भी अविश्वसनीय रूप से साँस लेती हुई। यह दर्शाता है कि सबसे क्रूर परिस्थितियों में भी, मानवीय आत्मा अपने लिए छोटी-छोटी खुशियाँ और शांति के पल खोज ही लेती है।
यह वह ज़िद है जो इंसान को इंसान बनाये रखती है, भले ही उसके चारों ओर सब कुछ ढह रहा हो। आज भी, अन्ना सेम्योनोव्ना की यह चुप्पी हमें घेरती है। आज भी, सत्ता के भय और झूठ के बीच, आम आदमी घास चुन रहा है, चिड़ियों की आवाज़ में अपनी पहचान ढूँढ रहा है। माँ की यह बात कि ‘हम ऐसे ही होते हैं, यही मनुष्य की प्रकृति है’, कोई आत्मसमर्पण नहीं है। यह इतिहास के ख़िलाफ़ लिखी गयी एक दयालु गवाही है, एक शांत प्रतिरोध जो यह स्वीकार करता है कि मनुष्य का अस्तित्व ही एक चमत्कार है, भले ही परिस्थितियाँ कितनी भी विकट क्यों न हों। यह हमें याद दिलाता है कि मनुष्यता को नष्ट करना कितना मुश्किल है, क्योंकि इसकी जड़ें जीवन की सबसे गहरी सहज प्रवृत्तियों में विन्यस्त हैं।

क्या हम इस उम्मीद को केवल एक दुर्बलता मान लें? क्या मृत्यु के सामने भी जीवन को देखने की यह ज़िद केवल भोलेपन की निशानी है? शायद नहीं। शायद वही एकमात्र ताक़त है जो मनुष्य को मनुष्य बनाये रखती है। यह वही आशा है जो सबसे अंधेरे क्षणों में भी प्रकाश की एक किरण देती है। यह वह विश्वास है जो तर्क की सीमाओं से परे जाकर हमें जीने की प्रेरणा देता है। यह कोई अंधविश्वास नहीं, बल्कि जीवन की मूलभूत सच्चाई है।
यह पत्र सिर्फ वित्या को नहीं लिखा गया था, यह हम सबको लिखा गया है—हम जो अपने समय की नैतिक जटिलताओं में फँसे हैं। जो तर्क और असहाय विश्वास के बीच झूल रहे हैं, जो हर रात यह सोचकर सोते हैं कि शायद सब कुछ अभी बाकी है। यह पत्र हमें याद दिलाता है कि भले ही हमारी परिस्थितियाँ अलग हों, मानवीय भावना की मूल प्रवृत्ति—जीवन के प्रति प्रेम, आशा की दृढ़ता—समय और स्थान से परे है।
इसलिए, जब हम अन्ना सेम्योनोव्ना की इन पंक्तियों को पढ़ते हैं, तो हमें डर नहीं लगता। इसके बजाय, एक अजीब-सी शांति उतरती है। यह ऐसा है जैसे कोई माँ हमें यह यक़ीन दिला रही हो कि सब कुछ समाप्त हो जाने के बाद भी, अगर तुमने प्रेम किया, फूलों को देखा, और किसी को अपनी यादों में रखा—तो तुम्हारा जीवन व्यर्थ नहीं गया। यह पत्र हमें बताता है कि जीवन का सार अनुभवों की विशालता में नहीं, बल्कि उनकी गहराई और ईमानदारी में निहित है।
यह पत्र मृत्यु से नहीं, जीवन से मोह में लिखा गया है—उस जीवन से, जो अपनी सबसे कमज़ोर और सबसे अँधेरी स्थिति में भी, अपनी अदम्य भावना को बनाये रखता है। यह इस बात का अनुस्मारक है कि मनुष्य की सबसे बड़ी शक्ति उसके जीवित रहने की क्षमता में नहीं, बल्कि प्रेम करने, आशा करने और मानवता को बनाये रखने की उसकी अटूट इच्छा में है।
हमने देखा कि अन्ना सेम्योनोव्ना का पत्र केवल एक माँ का व्यक्तिगत विलाप नहीं, बल्कि स्मृति और नैतिक विवेक की वह दीर्घकालिक पुकार है जो चाहती है कि इतिहास की यातनाएँ मनुष्य को उन्नत करें, उसे अधिक मानवीय बनायें।
उनके शब्दों में न प्रतिशोध का आवेग था, न शक्ति की अभिलाषा—बल्कि उस करुणा की माँग थी जो पीड़ा से उत्पन्न होती है। दुर्भाग्यवश, यह ऐतिहासिक चेतना टिकाऊ नहीं रही। वही समुदाय, जिसने कभी पीड़ा, विस्थापन और विध्वंस झेला, आज सत्ता और भय के औज़ारों से मासूम जीवन को रौंद रहा है। अन्ना के शब्द आज और अधिक अर्थवत्ता ग्रहण करते हैं: यदि यातना का अनुभव मनुष्य को अन्याय की पुनरावृत्ति से नहीं रोकता, तो वह केवल पीड़ित और पीड़क की अदल-बदल में सिमटकर रह जाता है। पीड़ा को परिमार्जन का आधार न बनाना इतिहास के साथ छल ही नहीं है बल्कि मानवता के प्रति एक नैतिक विश्वासघात भी है।






